UP BJP Rally News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस समय जबरदस्त हलचल मची है। विपक्षी खेमे के बयानों और आरोपों का करारा जवाब देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बीजेपी द्वारा उत्तर प्रदेश भर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत विशाल पदयात्राएं निकाली जा रही हैं। राजधानी लखनऊ और बरेली की सड़कों पर 40 से 50 हजार कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पार्टी का झंडा थामे कार्यकर्ता केसरिया रंग में रंगे नजर आए और उन्होंने विपक्षी दलों (कांग्रेस और समाजवादी पार्टी) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विपक्ष पर साधा निशाना: कांग्रेस खुद वोट चोर है
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने विपक्षी दलों पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस जिस तरह से देश में अराजकता और भ्रम फैला रही, यह पदयात्रा उसी का मुंहतोड़ जवाब है। उन्होंने कहा कि जो लोग बीजेपी पर वोट चोरी का बेबुनियाद आरोप लगा रहे, वे असल में खुद सबसे बड़े वोट चोर हैं। सुषमा खर्कवाल ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के दौर में भी वोट चोरी की गई थी और पटेल जी को किनारे करके खुद प्रधानमंत्री की कुर्सी हासिल की गई थी।
विदेशी ताकतों और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करने की साजिश का आरोप
पदयात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी INDI गठबंधन पर तीखे बाण चलाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष चंद लोगों को सड़क पर उतारकर आम जनता को परेशान कर रहा है और देश को अराजकता के खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा कर चुका है। उपमुख्यमंत्री पाठक ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि भले ही इस पदयात्रा की कमान लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान के पास हो, लेकिन इसका संदेश पूरे देश के जन-जन तक पहुंचेगा कि भारत दुनिया का सबसे मजबूत लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कुर्सी और सत्ता के लालच में विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं और भारत में बांग्लादेश जैसे बदतर हालात पैदा करना चाहते हैं। लेकिन जिस तरह देशवासियों ने फिरंगियों को खदेड़ा था, उसी तरह जनता इन साजिशों को भी कभी कामयाब नहीं होने देगी। पाठक ने यह भी याद दिलाया कि हाल में केरल, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में चुनाव हुए, जहां विपक्ष को जीत मिली। बीजेपी ने हमेशा जनादेश का सम्मान किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकतंत्र में जनता के आशीर्वाद को ही सर्वोपरि माना है।
बड़े दिग्गजों ने संभाली कमान, रैली में दिखे विदेशी मेहमान
विपक्ष के एसआईआर (SIR) विरोध के जवाब में बीजेपी ने देशभर में यह लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान चलाया है। इसका पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जारी रहेगा। लखनऊ में इस अभियान की कमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संभाली। दूसरी ओर बरेली में आयोजित पदयात्रा की अगुवाई पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने की। इस रैली का एक अनोखा नजारा तब देखने को मिला, जब इंग्लैंड से आए विदेशी पर्यटक भी गले में बीजेपी का गमछा डाले इस पदयात्रा में शामिल हुए। पर्यटकों ने उत्साह जताते हुए कहा कि वे दूसरी बार लखनऊ आए हैं और पूरी सड़कों को केसरिया रंग में रंगा देखना उनके लिए बहुत ही सुखद अनुभव है।
पार्टी पदाधिकारियों ने की विपक्ष के झूठ को बेनकाब करने की अपील
बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि विपक्ष संविधान और लोकतंत्र को हाईजैक करके देश को अस्थिरता की ओर धकेलना चाहता है, लेकिन यह देश सिर्फ संविधान के मुताबिक ही चलेगा। बीजेपी महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने जानकारी दी कि यह अभियान केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर चलाया जा रहा है ताकि युवाओं और आम नागरिकों को गुमराह करने वाली विपक्षी साजिशों का पर्दाफाश किया जा सके।
ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र बर्बाद किया: सपा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. एसटी हसन ने बीजेपी की इस पदयात्रा पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि देश की जनता अब पूरी तरह समझ चुकी है कि चुनावों में वोटों की धांधली हुई है। कोई भी चुनाव निष्पक्ष ढंग से नहीं कराया गया। 25 लाख वोट गायब कर दिए गए हैं, जिसका हिसाब जनता आने वाले समय में जरूर देगी। एसटी हसन ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी भले लोकतंत्र बचाने का ढोंग रचकर रैली निकाल रही हो, लेकिन असलियत है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के रहते लोकतंत्र पहले ही बर्बाद हो चुका है।