बिहार के पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। हाल के दिनों में जमुई, समस्तीपुर और बांका से लड़कियों के साथ कथित बदसलूकी के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पर्यटन स्थलों और युवाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी और एसपी से अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। जरूरत के मुताबिक पर्यटन स्थलों, पिकनिक स्पॉट और ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जहां बड़ी संख्या में युवा और किशोर पहुंचते हैं।

पहाड़ी और सुनसान इलाकों में पैदल गश्त

पुलिस की खास नजर जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित पर्यटन स्थलों पर रहेगी। ऐसे स्थानों पर पुलिसकर्मियों की पैदल गश्ती टीम लगाई जाएगी, जो सुबह से शाम तक इलाके में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। पुलिस मुख्यालय ने शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया है। अधिकारियों का उद्देश्य ऐसे स्थानों पर नियमित पुलिस विजिबिलिटी कायम करना है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

स्कूल-कॉलेज के छात्रों वाले स्थान होंगे चिन्हित

सभी थानों को अपने क्षेत्र में ऐसे स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं अक्सर घूमने या समय बिताने पहुंचते हैं। इन जगहों पर खतरे की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा सकता है। इसके साथ ही थाना स्तर पर असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

वायरल वीडियो की जांच करेगा साइबर सेल

पुलिस की निगरानी सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बढ़ाई जाएगी। जिलों के एसपी को पर्यटन और मनोरंजन स्थलों के आसपास साइबर सेल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध वीडियो सामने आने पर उसकी सत्यता, स्थान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी। पुलिस के सोशल मीडिया और मॉनिटरिंग सेल को ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया है। हाल के मामलों में वायरल वीडियो पुलिस जांच के लिए अहम साबित हुए हैं। हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर संवेदनशील वीडियो को आगे प्रसारित न करने की अपील भी की है, खासकर ऐसी सामग्री में जहां नाबालिग की पहचान सामने आ सकती हो।

सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस मुख्यालय का फोकस

नए निर्देशों के तहत बिहार के पर्यटन स्थलों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी बढ़ाने, संवेदनशील जगहों की पहचान करने और सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य पर्यटन स्थलों और युवाओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा को मजबूत करना है।