Badaun Couple Molestation News : बिहार के जमुई, समस्तीपुर और बांका जिले की घटनाओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ था कि उत्तर प्रदेश के बदायूं से भी वैसी ही शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। जिले के उघैती थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने प्रेमी-युगल को घेरकर उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया और पीड़ित से 1500 रुपए भी छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर 3 आरोपियों को जेल भेज दिया है।

जंगल में घूमने गए थे युवक-युवती

यह घटना 17 सितंबर की है। जानकारी के अनुसार ग्राम सराय बरौलिया स्थित सिद्धबरौलिया मंदिर के पास जंगल में एक युवक और युवती घूमने गए थे। उसी दौरान पांच से अधिक युवकों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित युगल कुछ समझ पाता, उससे पहले मनचलों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने युवती के साथ छेड़खानी करते हुए मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। विरोध करने पर युवक से पैसे लूट लिए।

लोक-लाज से नहीं दर्ज करवाई शिकायत

लोक-लाज और सामाजिक डर के कारण पीड़ित पक्ष ने शुरुआत में किसी से शिकायत नहीं की। हालांकि, जब 24 सितंबर को पुलिस को इस मामले की भनक लगी, तो पुलिस टीम ने खुद पीड़ितों से संपर्क किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर उघैती पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया।

अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही

एसएसपी अंकिता शर्मा के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। 25 सितंबर को सराय बरौलिया के जंगल से तीन आरोपियों-सुगेंद्र कुमार यादव, बेचैन जाटव और छोटे जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद आपत्तिजनक वीडियो से जुड़े साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है। मामले की विवेचना कर रही पुलिस टीम का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अज्ञात युवकों की पहचान की जा रही है। फरार चल रहे बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।