महिला एशिया कप 2026 की ट्रॉफी से जुड़े विवाद के बाद अब भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीम के सामने एशियन गेम्स 2026 में एक अलग स्थिति पैदा हो सकती है। सवाल यह है कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी को मेडल सेरेमनी की जिम्मेदारी मिलती है, तो क्या भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें उनसे पदक स्वीकार करेंगी? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) की ओर से नकवी को आधिकारिक तौर पर मेडल प्रदान करने की जिम्मेदारी दी जाती है, तो भारतीय खिलाड़ियों से समारोह के तय प्रोटोकॉल का पालन करने की अपेक्षा की जा सकती है। हालांकि, इस संबंध में भारतीय टीम या BCCI की ओर से अभी कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है।
एशिया कप के बाद क्यों उठा यह सवाल?
यह पूरा मामला हाल ही में खत्म हुए महिला एशिया कप के फाइनल के बाद चर्चा में आया। भारत ने श्रीलंका को हराकर टूर्नामेंट में जीत दर्ज की, लेकिन टीम ने आधिकारिक समारोह के दौरान एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी। इससे पहले 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट अपने नाम किया था। उस समय भी टीम इंडिया ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस मामले पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था, “बोर्ड ने एशिया कप फाइनल से पहले ही ACC को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया था।" वहीं, महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने भी कहा था कि "टीम BCCI के फैसले के साथ खड़ी है।"
क्या कहते हैं एशियन गेम्स के नियम
एशियन गेम्स में मेडल सेरेमनी का प्रोटोकॉल एशियन गेम्स के आयोजकीय नियमों के तहत तय होता है। जानकारी के अनुसार, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के नियमों में मेडल ओसीए अध्यक्ष या उनके द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि के हाथों दिए जाने का प्रावधान है। ऐसे में यदि नकवी को आधिकारिक तौर पर यह जिम्मेदारी मिलती है, तो स्थिति एशिया कप से अलग हो सकती है। यही वजह है कि एशियन गेम्स में भारतीय टीम के संभावित मेडल समारोह को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि किसी संभावित पदक समारोह में नकवी की भूमिका क्या होगी।
BCCI ने क्या कहा?
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस मुद्दे पर फिलहाल किसी तरह का अंतिम रुख सामने नहीं रखा है। उनका कहना है कि अभी टीम का पूरा फोकस एशियन गेम्स की तैयारियों और प्रतियोगिता पर है। मेडल सेरेमनी के दौरान क्या होगा, इस पर फैसला परिस्थितियां स्पष्ट होने के बाद ही लिया जाएगा। ऐसे में अभी यह तय नहीं है कि भारतीय खिलाड़ी मोहसिन नकवी से मेडल स्वीकार करेंगे या नहीं। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। अगर इनमें से कोई टीम पदक जीतती है और नकवी को आधिकारिक तौर पर मेडल प्रदान करने की जिम्मेदारी दी जाती है, तो यह समारोह खास तौर पर चर्चा में आ सकता है। फिलहाल इसको लेकर कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।