एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हांसिल कर लिया है। फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने श्रीलंका को 147 रन से मात दी। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंकाई टीम को महज 69 रन पर समेट दिया। भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल एक बार फिर अपने नाम कर लिया। इससे पहले 2023 में हांगझोउ में खेले गए एशियन गेम्स में भी भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।

स्मृति मंधाना ने खेली शानदार पारी

भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने की। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पहले 10 ओवर में 99 रन जोड़ दिए। मंधाना ने अपनी पारी में 45 गेंदों का सामना करते हुए 79 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में कई आक्रामक शॉट लगाए और भारतीय स्कोर को बड़े स्तर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। मंधाना ने अपनी पारी में पांच चौके और सात छक्के ठोके। वहीं शेफाली वर्मा 29 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी पारी में तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 19 रन ही बना सकीं।

रिचा घोष ने अंत में मचाई धूम

कप्तान के पवेलियन लौटने के बाद भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में रिचा घोष की आक्रामक बल्लेबाजी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने केवल 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। रिचा ने अपनी पारी के दौरान छह चौके और तीन छक्के लगाए। भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी पांच ओवरों में 74 रन ठोके। पारी के अंतिम ओवर में भी टीम ने 25 रन बटोरकर और भारत का स्कोर 216 रन तक पहुंच गया। यह महिला T20I में भारत की पारी में 13 छक्कों का रिकॉर्ड प्रदर्शन भी रहा।

श्रीलंका की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ाई

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर होती चली गई। टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा। कप्तान चमारी अटापट्टू ने 29 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। श्रीलंका के केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पर कर पाए। भारत की स्पिन गेंदबाजों ने श्रीलंका के बल्लेबाजी क्रम पर लगातार दबाव बनाए रखा। पूरी टीम 15.4 ओवर में सिर्फ 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

दीप्ति शर्मा ने बरपाया कहर

भारत की ओर से दीप्ति शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में केवल छह रन खर्च करते हुए तीन विकेट हासिल किए। श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल और शेफाली वर्मा ने भी गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया। तीनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में नजर आई और टीम लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच सकी।

भारत ने दोहराया 2023 का कारनामा

भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मुकाबले में एक बार फिर भारतीय टीम ने बाजी मारी। 2023 में भी भारत और श्रीलंका ही फाइनल में आमने-सामने थीं, जहां भारत ने 19 रन से जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 46 रन बनाए थे। 2026 में एक बार फिर फाइनल का सामना इन्हीं दोनों टीमों के बीच हुआ और भारतीय खिलाड़ियों ने बल्ले तथा गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह भारत ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक सफलतापूर्वक बरकरार रखा।