Punjab Congress News : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी के भीतर संगठन को लेकर एक बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। पार्टी के अंदर लंबे समय से चल रही आपसी गुटबाजी और अंदरूनी कलह के बीच पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने पद से इस्तीफा आलाकमान को भेज दिया है।
कई पदों-कमेटियों में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक इस इस्तीफे के बाद पार्टी आलाकमान राज्य इकाई के कई अन्य पदों और कमेटियों में भी बड़े स्तर पर बदलाव करने की तैयारी में है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राजा वड़िंग से फोन पर बातचीत करके राज्य के राजनीतिक हालात और संगठन की मौजूदा स्थिति का जायजा भी लिया है।
इस्तीफे के सवाल पर क्या बोले राजा वड़िंग?
अपने इस्तीफे और पार्टी के भीतर चल रही हलचल पर बात करते हुए अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने तुरंत कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। सही समय आने पर वह खुद पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को देंगे।
कौन बन सकता है पंजाब कांग्रेस का नया प्रमुख?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस आलाकमान 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकता है। इस बार पार्टी किसी हिंदू नेता पर दांव लगाने के मूड में दिख रही।
विजय इंदर सिंगला : ऑल इंडिया कांग्रेस के सह-कोषाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहा है।
अन्य दावेदार : सिंगला के अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेता भी अध्यक्ष पद की होड़ में हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व स्पीकर राणा केपी सिंह और प्रगट सिंह के नाम की चर्चा चल रही।