राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में एक आरोपी आसिफ को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू करते हुए करवाई की। एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस अब बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई अलग-अलग टीमें बनाकर जांच में जुटी हैं।
आरोपी ने पुलिस पर चलाईं गोलियां
मामले की जांच करते हुए दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम को अपने सूत्रों से एक आरोपी की टिप मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को लाजपत नगर के अमर कॉलोनी इलाके में स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास घेरने की कोशिश की। पुलिस का दावा किया है कि चारों तरफ से घिरने के बाद पुलिस टीम पर आरोपी ने तीन गोलियां चलाईं और एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। आरोपी द्वारा चलाईं गोलियों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए दो गोलियां चलाई और एक गोली आरोपी के दाएं पैर में लगी। पुलिस की गोली से घायल आसिफ को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आसिफ से उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
दोस्त के साथ मंदिर गई थी किशोरी
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, किशोरी अपने नाबालिग दोस्त के साथ शाम करीब 7:30 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे स्थित जंगलनुमा इलाके की तरफ चले गए। इसी दौरान वहां तीन लोग पहुंचे। किशोरी के नाबालिग दोस्त ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बता रहे थे। इसके बाद तीनों ने किशोरी के दोस्त को बंधी बनाकर किशोरी के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मेडिकल जांच के साथ पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस उसके बयान और मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाकर मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दिल्ली पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की कई टीमें संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।