जापान के आईची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। भारत सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलने वाला था, लेकिन लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण मैच रद्द करना पड़ा। मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ, जिसके बाद भारत को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह मिल गई। भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाना था। बारिश के कारण मैदान खेलने लायक नहीं रहा और अंपायर्स ने मुकाबला रद्द करने का फैसला किया। इसके साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली, जबकि अफगानिस्तान का एशियाई गेम्स अभियान यहीं समाप्त हो गया।
भारत ही सेमीफाइनल में क्यों पहुंचा?
आम तौर पर किसी लीग मुकाबले के बारिश के कारण रद्द होने पर दोनों टीमों को अंक दिए जाते हैं। लेकिन नॉकआउट मुकाबले में किसी एक टीम का आगे बढ़ना जरूरी होता है। ऐसे में टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, अगर क्वार्टर फाइनल में कोई नतीजा नहीं निकलता है, तो बेहतर रैंकिंग वाली टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलती है। मौजूदा ICC T20I रैंकिंग में भारत पहले स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। इसी वजह से बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने के बाद भारत को सेमीफाइनल में प्रवेश दिया गया। भारत पिछली बार का एशियन गेम्स चैंपियन भी है।
भारतीय टीम का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, विप्रज निगम और यश ठाकुर।
पाकिस्तान भी सेमीफाइनल में
लगातार बारिश का असर एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट मुकाबलों पर साफ देखने को मिल रहा है। भारत से पहले पाकिस्तान और हांगकांग के बीच खेला जाने वाला क्वार्टर फाइनल भी बारिश के कारण रद्द हो गया था। इस मुकाबले में भी एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, बेहतर T20I रैंकिंग वाली टीम पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह मिल गई।
क्वार्टर फाइनल में भारत को मिली थी सीधे एंट्री
भारत को एशियाई गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली थी। भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को भी सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश मिला था। वहीं, हांगकांग, जापान, अफगानिस्तान, मलेशिया और ओमान समेत अन्य टीमों को ग्रुप चरण के मुकाबले खेलने पड़े। ग्रुप चरण के बाद क्वार्टर फाइनल की चार जोड़ियां तय हुई थीं: पाकिस्तान बनाम हांगकांग, भारत बनाम अफगानिस्तान, श्रीलंका बनाम नेपाल और बांग्लादेश बनाम मलेशिया।