यूपीएसएसएससी ने प्लाटून कमांडर और ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 295 पदों के लिए भर्ती निकाली, आवेदन 16 जून से

यूपीएसएसएससी ने प्लाटून कमांडर और ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 295 पदों के लिए भर्ती निकाली, आवेदन 16 जून से

लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ ने होमगार्ड मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तहत प्लाटून कमांडर के 52 और ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 243 पदों पर चयन हेतु एक आधिकारिक सूचना जारी की है। यह भर्ती मुख्य परीक्षा 2026 के अंतर्गत की जा रही है, जिसमें कुल 295 पद शामिल हैं। ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 243 पदों में 98 अनारक्षित, 48 अनुसूचित जाति, 2 अनुसूचित जनजाति, 71 अन्य पिछड़ा वर्ग और 24 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए हैं। प्लाटून कमांडर के 52 पदों में 23 अनारक्षित, 11 अनुसूचित जाति, 1 अनुसूचित जनजाति, 12 अन्य पिछड़ा वर्ग और 5 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए शामिल हैं।

यूपीएसएसएससी द्वारा घोषित 295 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून से आरंभ होगी, और आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के सक्रिय होने पर निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यदि किसी आवेदक से आवेदन भरते समय कोई त्रुटि हो जाती है, तो सुधार करने की सुविधा 13 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी।

आवेदकों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, संस्थान या बोर्ड से ग्रेजुएशन की डिग्री होना आवश्यक है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष रखी गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

आवेदन करने वाले सभी वर्गों के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क 25 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। योग्य उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी-2025) के स्कोर के आधार पर किया जाएगा, इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा के माध्यम से मेरिट सूची बनाई जाएगी। चयनित कैंडिडेट्स की मासिक सैलरी ब्लॉक ऑर्गनाइजर पद के लिए 29,200 से 92,300 रुपये और प्लाटून कमांडर पद के लिए 35,400 से 1,12,400 रुपये होगी।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को यूपीएसएसएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन की जांच करने की सलाह दी जाती है।