यूपीएसएसएससी में आबकारी सिपाही के 722 पदों पर नौकरी, आवेदन 4 जून से

यूपीएसएसएससी में आबकारी सिपाही के 722 पदों पर नौकरी, आवेदन 4 जून से

लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 2026 से संबंधित 722 पदों के लिए एक आधिकारिक सूचना जारी की है। यह पद आबकारी आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज, के अधीन हैं और पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें से 612 पद आबकारी सिपाही और 110 विशेष चयन के तहत हैं।

इन 722 रिक्तियों में से आबकारी सिपाही के लिए 246 सामान्य श्रेणी, 128 अनुसूचित जाति, 12 अनुसूचित जनजाति, 165 अन्य पिछड़ा वर्ग और 61 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पद हैं। वहीं, विशेष चयन के तहत के पदों में 46 अनुसूचित जाति, 14 अनुसूचित जनजाति और 50 अन्य पिछड़ा वर्ग के पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू होगी और अंतिम तिथि 24 जून रखी गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी आवेदक से आवेदन भरते समय कोई त्रुटि होती है, तो सुधार करने के लिए 1 जुलाई तक का समय दिया जाएगा।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा पास करने की आवश्यकता है। इसके अलावा, उन्हें प्रारंभिक पात्रता परीक्षा-2025 (पीईटी-2025) में उपस्थित होना और मान्य स्कोर प्राप्त करना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को आवेदन के समय 25 रुपए का निर्धारित शुल्क ऑनलाइन देना होगा।

चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी-2025) के स्कोर के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग का होगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा, शारीरिक मानक और शारीरिक दक्षता परीक्षा के परिणामों के आधार पर अंततः मेरिट सूची तैयार की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 19,900 से 63,200 रुपए प्रति माह का वेतन मिलेगा।

भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को यूपीएसएसएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन को देखना चाहिए।