लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा 2026 के तहत होमगार्ड मुख्यालय, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत 209 हवलदार प्रशिक्षक पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें 88 पद अनारक्षित, 39 अनुसूचित जाति, 5 अनुसूचित जनजाति, 57 अन्य पिछड़ा वर्ग और 20 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए हैं। आवेदन प्रक्रिया 19 जून से ऑनलाइन प्रारंभ होगी और अंतिम तिथि 9 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में गलती करने वाले लोगों के लिए सुधार करने की प्रक्रिया 16 जुलाई तक जारी रहेगी।
आवेदन देने वाले उम्मीदवारों के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, उन्हें पीईटी-2025 परीक्षा में शामिल होना और यूपीएसएसएससी से स्कोर कार्ड प्राप्त करना आवश्यक है। हिंदी भाषा का ज्ञान भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसका आकलन 1 जनवरी या 1 जुलाई के अनुसार किया जाएगा। आरक्षित श्रेणियों के आवेदकों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
सभी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन करते समय निर्धारित शुल्क 25 रुपये ऑनलाइन देना होगा। शुल्क का सफल भुगतान होने पर ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
योग्य उम्मीदवारों का चयन पीईटी-2025 के सही स्कोर, मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानकों और परीक्षण के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 21,700 से 69,100 रुपये तक वेतन मिलेगा, इसके अलावा और भी लाभ दिए जाएंगे।
आवेदकों को भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए यूपीएसएसएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन को देखना चाहिए।