एटा, 21 मई। उत्तर प्रदेश के एटा में बुधवार रात को कोतवाली नगर पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी को गोली लगी जबकि दूसरा हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से अवैध हथियार, चोरी किए गए सामान और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, दो प्लास, चार रिंच, दो पाना और 7200 रुपये नकद जब्त किए।
सूत्रों के अनुसार, मध्यरात को लगभग 12:30 बजे, पुलिस ग्राम अशोक विहार कॉलोनी गंजडुंडवारा रोड पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस बीच, बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस के सामने आए। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने का संकेत दिया, बाइक पर सवार आरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के बाएं पैर में गोली लग गई जिससे वह गश खाकर गिर पड़ा। दूसरे आरोपी को पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया।
घायल अपराधी ने खुद को केशव पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गिरधरपुर थाना दादो जिला अलीगढ़ बताया। वहीं, पकड़े गए दूसरे व्यक्ति की पहचान रामसरन पुत्र लटूरी सिंह निवासी दुलीचंद्रपुर थाना सोरों जिला कासगंज के रूप में हुई है।
पुलिस की जांच से पता चला है कि दोनों आरोपियों ने कोतवाली नगर क्षेत्र के सब्जी मंडी में लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर, तेल, तार और अन्य सामग्री की चोरी की थी। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी अन्य ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से दो अवैध पिस्तौल, तीन जिंदा गोलियां, चार खोखा कारतूस 315 बोर, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक कटर (प्लास), एक साधारण प्लास, चार रिंच, दो पाना और 7200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एटा के एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय ने मीडिया से कहा कि बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाकर उसमें मौजूद कॉपर कॉइल और तेल की चोरी की गई थी। कुछ समय पहले कोतवाली देहात क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी का मामला सामने आया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं का पता लगाने की कोशिश कर रही है।