महिलाओं के पोस्टर संग अश्लील हरकत देख फूटा भूमि पेडनेकर का गुस्सा, उठाई सख्त कानून की मांग

महिलाओं के पोस्टर संग अश्लील हरकत देख फूटा भूमि पेडनेकर का गुस्सा, उठाई सख्त कानून की मांग

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक आपत्तिजनक वीडियो पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। इस वीडियो में कुछ लड़के स्विमिंग पूल के पास लगे एक महिला के पोस्टर के साथ अश्लील हरकत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

इंस्टाग्राम स्टोरी पर जताया गुस्सा

भूमि पेडनेकर ने यह वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, “महिलाएं अब पोस्टरों में भी सुरक्षित नहीं हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यह केवल मजाक नहीं, बल्कि समाज की खतरनाक मानसिकता को दर्शाता है। भूमि ने लिखा, “यही मानसिकता आगे चलकर महिलाओं और बच्चों के साथ यौन अपराधों का कारण बनती है। हम एक सामाजिक महामारी के दौर में हैं। सिर्फ शर्मिंदा होने से काम नहीं चलेगा।” इसके साथ ही उन्होंने बार-बार सख्त कानून बनाने की मांग भी उठाई।

[Image]

सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने लड़कों के व्यवहार को शर्मनाक बताया। एक महिला यूजर ने लिखा, “गलती घर की परवरिश से शुरू होती है, समाज बाद में खराब होता है।” वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “जब महिलाएं पोस्टरों में भी सुरक्षित नहीं हैं, तो असल जिंदगी में कैसे सुरक्षित होंगी?” कई लोगों ने इस घटना को महिलाओं के प्रति घटिया सोच और बिगड़ी मानसिकता का उदाहरण बताया।

भूमि ने साझा किए और भी पोस्ट

भूमि पेडनेकर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक और पोस्ट साझा किया, जिसमें लिखा था, “जब महिलाएं खरीदी या बेची जाती हैं तो उन्हें वेश्या कहा जाता है, लेकिन जब लड़कों की खरीद-फरोख्त होती है तो उन्हें दूल्हा कहा जाता है।” इसके अलावा उन्होंने भोपाल की ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर से जुड़ी खबरों के पोस्ट भी साझा किए, जो महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सोच पर सवाल उठाते हैं।