Air Marshal Ashutosh Dixit : भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित बनाए गए हैं। वह 31 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे। वे वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे, जो 30 सितंबर 2024 को इस पद पर आसीन हुए थे और 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। आशुतोष दीक्षित वर्तमान में वाइस एयर चीफ मार्शल (वायुसेना के उप प्रमुख) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिस पद पर वे 1 जुलाई को नियुक्त हुए थे। वे पहले भी कई महत्वपूर्ण फ्रंटलाइन एयर बेस और ऑपरेशनल फाइटर स्क्वाड्रन रहे हैं।
कारगिल युद्ध से लेकर स्वदेशी तेजस प्रोजेक्ट तक में अहम भूमिका
आशुतोष दीक्षित का सैन्य करियर बेहद साहसिक और प्रेरणादायी रहा है। वे कारगिल युद्ध में भी सीधे तौर पर शामिल थे, जहां उन्होंने लड़ाकू विमान उड़ाते हुए घुसपैठियों के ठिकानों पर बमबारी की थी। भारतीय वायुसेना के आधुनिकीकरण और सेना को तकनीक से लैस करने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने आत्मानिभर भारत पहल के तहत स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस (LCA Tejas) और अन्य मेक-इन-इंडिया एयरक्राफ्ट प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाया है। हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में रहते हुए उन्होंने थलसेना, नौसेना और वायुसेना तीनों अंगों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने में भी बड़ी भूमिका निभाई।
20 से ज्यादा तरह के लड़ाकू विमान उड़ाने में महारत
40 वर्षों के अनुभव वाले आशुतोष दीक्षित के पास आसमान में 3500 घंटे से अधिक समय तक उड़ान भरने का गहरा अनुभव है। वे मिराज-2000, मिग-21, मिग-27, जगुआर, एलसीए तेजस, हॉक, IL-78, AN-32, किरण, HPT-32 और एवरो समेत 20 से अधिक विभिन्न प्रकार के विमानों को उड़ाने में पारंगत हैं। उन्होंने अपने करियर में ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, काफिर ड्यूटी, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कई बड़े सैन्य ऑपरेशनों और अंतरराष्ट्रीय युद्ध अभ्यासों में सक्रिय भाग लिया है।
शिक्षा और सम्मान
6 दिसंबर 1986 को आशुतोष वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे। वे नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) खड़कवासला, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (बांग्लादेश) और नई दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। देश सेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान और वीरता के लिए उन्हें वायु सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल (VSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से अलंकृत किया जा चुका है।
एक नजर में अहम जानकारियां
पद पदभार : 31 अक्टूबर से भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख
कमीशन तिथि : 6 दिसंबर 1986 (फाइटर स्ट्रीम)
वर्तमान पद : वाइस एयर चीफ मार्शल (1 जुलाई 2026 से)
पूर्व में संभाले पद : सेंट्रल एयर कमान के AOC-in-C और चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (CISC)
उड़ान अनुभव : 3500+ घंटे
विशेषज्ञता
प्रमुख एयरक्राफ्ट्स : मिराज-2000, मिग वेरिएंट्स, जगुआर, तेजस, हॉक, AN-32, IL-78, किरण।
अहम ऑपरेशन्स : ऑपरेशन सफेद सागर (कारगिल), ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन सिंदूर, कोप-इंडिया।
प्राप्त सम्मान : परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल और वायु सेना मेडल।