देहरादून, 23 मई। उत्तराखंड में प्रशासनिक ढांचे में बड़ा परिवर्तन किया गया है। राज्य सरकार ने 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के तबादलों का आदेश जारी किया है। इस कदम का उद्देश्य प्रशासन को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाना बताया गया है। इस बदलाव के चलते कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई महत्वपूर्ण भूमिकाएं सौंपी गई हैं। आईएएस अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम को मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड, पशुपालन, मत्स्य और दुग्ध विकास विभाग के साथ-साथ उच्च शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग से उच्च शिक्षा विभाग का प्रभार हटा दिया गया है।
आईएएस विनय शंकर पांडे को नागरिक उड्डयन तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य आयुक्त और यूके हेल्थ सिस्टम डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
देहरादून के जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी के सीईओ सविन बंसल को सचिव नियोजन का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं आईएएस आशीष चौहान को देहरादून का जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी सीईओ के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संजय कुमार को हल्द्वानी का समाज कल्याण निदेशक बनाया गया है, जबकि आईएएस नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव के रूप में कार्यभार सौंपा गया है। संदीप तिवारी को मिशन एनएचएम के निदेशक और एमडी जीएमवीएन नियुक्त किया गया है। दीप्ति सिंह को अल्पसंख्यक कल्याण और खेल विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि आकांक्षा कोंडे को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक के रूप में कार्यभार सौंपा गया है।
पीसीएस अधिकारियों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। इलागिरि को दुग्ध और महिला डेयरी विकास निदेशक का दायित्व सौंपा गया है।
हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत सहित कई जिलों में डिप्टी कलेक्टर और एडीएम स्तर पर भी तबादलों का कार्य हुआ है। सरकार के इस प्रशासनिक बदलाव को आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के रूप में देखा जा रहा है।