उत्तर प्रदेश में नई सरकारी भर्तियों की घोषणा: यूपीएसएसएससी ने 2,285 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए, 29 मई से शुरु होगा आवेदन

उत्तर प्रदेश में नई सरकारी भर्तियों की घोषणा: यूपीएसएसएससी ने 2,285 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए, 29 मई से शुरु होगा आवेदन

लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने 2026 के अंतर्गत सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (ग्रेजुएट स्तरीय) मुख्य परीक्षा के लिए विभिन्न विभागों में कुल 2,285 रिक्तियों के लिए आवेदन करने की आधिकारिक सूचना जारी की है। रिक्तियों में सहायक कोषागार लेखाकार के 548, लेखा परीक्षक के 419, अमीन/नीलामकर्ता के 323, अधिशासी अधिकारी के 238, लिपिक सह टंकक/रोकड़िया सह लिपिक/लेखा लिपिक के 229, सहायक चकबन्दी अधिकारी के 168, सहायक प्रबन्धक के 134, केंद्र प्रभारी के 92, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी के 85, और मण्डी पर्यवेक्षक श्रेणी-2 के 46 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 मई से शुरू होगी और अंतिम तारीख 18 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी ने आवेदन पत्र में कोई गलती की, तो उनके लिए 25 जून तक सुधार करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

आवेदकों को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त होना अनिवार्य है। इसके अलावा, केवल वे ही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2025) में हिस्सा लिया हो और जिनके पास आयोग द्वारा जारी पीईटी-2025 का स्कोरकार्ड हो।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। आवेदन करते समय सभी को 25 रुपये का शुल्क ऑनलाइन भरना होगा।

उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी-2025) के सामान्य स्कोर के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए किया जाएगा, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को 25,500 से 1,12,400 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ ही अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।