उदयनिधि स्टालिन ने कोयंबटूर में बच्ची की हत्या पर नई सरकार को जिम्मेदार ठहराया

उदयनिधि स्टालिन ने कोयंबटूर में बच्ची की हत्या पर नई सरकार को जिम्मेदार ठहराया

चेन्नई, 23 मई। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने शोक व्यक्त किया है और नई सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। स्टालिन ने 'एक्स' पर लिखा, "कोयंबटूर में बच्चे के अपहरण और हत्या ने समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर तरफ से न्याय की गुहार आ रही है। इस अमानवीय घटना के खिलाफ स्थानीय लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। असली अपराधियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए। इस कठिन समय में, मैं बच्ची के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और उन्हें यकीन दिलाता हूं कि डीएमके उनके साथ है।"

उदयनिधि स्टालिन ने विजय की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आगे 'एक्स' पर लिखा, "नई सरकार के गठन के सिर्फ 12 दिन के भीतर, 30 से अधिक बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें यौन शोषण, मादक पदार्थों की तस्करी, दादागिरी, सत्ताधारी पार्टी की मनमानी, और अब बच्ची का अपहरण और हत्या शामिल हैं। ये सभी घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं और राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं। मैं मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि वे कानून व्यवस्था को प्राथमिकता दें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।"

ज्ञात हो कि कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची दो दिन पहले गुम हो गई थी। उसका शव शुक्रवार को सुलूर के कन्नमपालयम टैंक के पास मिला। बच्ची के चाचा पलानीसामी ने बताया कि उनका परिवार कोलातुर का निवासी है। उन्हें सूचना मिली कि बच्ची दो दिन पहले एक दुकान से लौटते समय लापता हो गई थी। जब वे पहुंचे, तो पता चला कि उसका अपहरण कर लिया गया था और उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मोहन और कार्तिक नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।