भोपाल, 22 मई। ट्विशा शर्मा के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शव के दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति दे दी है। दिल्ली के एम्स के चिकित्सक भोपाल में जांच करेंगे। ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने इस निर्णय के लिए हाईकोर्ट को धन्यवाद दिया है।
आशीष शर्मा ने बातचीत में कहा कि उन्हें शव के नए पोस्टमार्टम की अनुमति मिल गई है, और इसके लिए वे हाईकोर्ट और न्यायपालिका के प्रति आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अब तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए ताकि वे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने बताया कि पिछले दस दिनों से वे इस मामले के लिए संघर्ष कर रहे थे और उम्मीद है कि जल्द ही पूरी प्रक्रिया सही तरीके से संपन्न होगी।
कोर्ट में शव के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को लेकर सुनवाई के दौरान तीखी बहस हुई। याचिकाकर्ता ने नए पोस्टमार्टम की आवश्यकताओं पर जोर दिया, जबकि आरोपी पक्ष के वकील ने इसका विरोध करते हुए कहा कि पहला पोस्टमार्टम ही पर्याप्त है।
वकील ने आरोप लगाया कि यह मांग जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह पैदा करने और चिकित्सकों की क्षमता पर सवाल उठाने के समान है। हालांकि, कोर्ट ने लंबी बहस के बाद दूसरे पोस्टमार्टम की अनुमति दे दी।
सुनवाई के दौरान, कोर्ट ने ट्विशा के शव को एम्स भोपाल में सुरक्षित रखने का आदेश दिया। खबर है कि दिल्ली के एम्स के चिकित्सक भोपाल आकर पोस्टमार्टम करेंगे।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल में अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, उन्हें रात करीब 10:26 बजे घर की छत पर जिम्नास्टिक रिंग की रस्सी से लटका हुआ मिला था। उनका पोस्टमार्टम 13 मई को एम्स भोपाल में किया गया, जिसमें रस्सी से फांसी लगाने को मौत का कारण बताया गया था।