मुंबई, 25 मई। अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन नई ड्रामा सीरीज प्रस्तुत करने जा रहे हैं। यह सीरीज महत्वाकांक्षा, लालच और तेजी से अमीर बनने के सपनों पर केंद्रित है। ‘द पिरामिड स्कीम’ के निर्माताओं ने इसकी रिलीज की तारीख का भी खुलासा कर दिया है। यह नए ड्रामा सीरीज 5 जून को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए तैयार है।
‘द पिरामिड स्कीम’ की कहानी हरिद्वार शहर की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह एक मेहनती और आकर्षक युवक गोल्डी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक बेहतर जीवन की खोज में है। एक उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद में वह पिरामिड मार्केटिंग की चमकदार दुनिया में प्रवेश कर जाता है। जैसे-जैसे वह एक जमीन से जुड़े और ईमानदार व्यक्ति मनोज श्रीवास्तव के संपर्क में आता है, उसकी आशाएं लालच, महत्वाकांक्षा और धोखाधड़ी से भरी गहरी दुनिया में बदल जाती हैं।
इस श्रृंखला में परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन के साथ-साथ अंजन श्रीवास्तव, अल्फिया जाफरी, आशीष राघव, अखिलेंद्र मिश्रा, स्मिता बंसल, विजय कुमार, इंद्रेश मलिक, रवि भेल, सुशांत सिंह, सोनल झा और सदानंद पाटिल जैसे अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
यह प्राइम ओरिजिनल सीरीज ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) द्वारा निर्मित की गई है। इसके क्रिएटर श्रेयांश पांडे हैं, और निर्देशकों में आशीष आर. शुक्ला तथा श्रेयांश पांडे शामिल हैं।
निर्माताओं के अनुसार, ‘द वायरल फीवर’ इससे पहले ‘पंचायत’, ‘अस्पिरेंट्स’ और ‘ग्राम चिकित्सालय’ जैसी सफल और सराही गई श्रृंखलाएं बना चुका है। अब, ‘द पिरामिड स्कीम’ 5 जून को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने के बाद भारत और दुनिया भर के दर्शकों का मनोरंजन करने जा रही है।
द वायरल फीवर के प्रेसिडेंट विजय जोशी ने कहा, “इस सीरीज के माध्यम से हम महत्वाकांक्षा, पहचान की चाह और पिरामिड स्कीम की जटिलताओं को उजागर करना चाहते हैं। यह विषय आमतौर पर स्क्रीन पर कम दिखाई देता है।”
वहीं, प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर और हेड मनीष मेनघानी ने कहा, “यह श्रृंखला महत्वाकांक्षा और उम्मीदों को एक सहज और दिल से जुड़ने वाले तरीके से प्रस्तुत करती है। परमवीर सिंह चीमा का बेहतरीन अभिनय, रणवीर शौरी और शेखर सुमन के प्रभावशाली किरदार कॉमेडी, ड्रामा और भावनाओं का एक अद्भुत मिश्रण लेकर आ रहे हैं।”