बैंकॉक, 21 मई। थाईलैंड के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएटी) ने घोषणा की है कि उसने इबोला वायरस रोग के प्रति अपने देश की विमानन प्रणाली में निगरानी और रोकथाम के उपायों को अधिक मजबूत बना दिया है।
सिंहुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह निर्णय विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला के फैलाव को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित करने के बाद लिया गया है। डब्ल्यूएचओ ने सीमा पार संक्रमण के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए यह घोषणा की।
थाईलैंड के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को इन दोनों अफ्रीकी देशों को इबोला के लिए “खतरनाक संक्रामक रोग क्षेत्र” का दर्जा दिया, जिसके परिणामस्वरूप नागरिक उड्डयन क्षेत्र में संयुक्त स्क्रीनिंग और प्रतिक्रिया उपाय लागू किए गए।
सीएएटी ने बताया कि उसने स्वास्थ्य मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय संक्रामक रोग नियंत्रण एवं क्वारंटीन विभाग, एयरलाइनों और अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ मिलकर विमानन क्षेत्र में स्वास्थ्य प्रोटोकॉल को सामान्यीकृत करने के उपाय शुरू किए हैं।
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे कांगो, युगांडा और आसपास के उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचें। जिन लोगों को यात्रा करना आवश्यक है, उन्हें थाई हेल्थ पास प्रणाली में पंजीकरण कराना होगा, जबकि विदेशी यात्रियों को संपर्क ट्रेसिंग और रोग निगरानी के लिए थाईलैंड डिजिटल अराइवल कार्ड को सही तरीके से भरना जरूरी होगा।
संक्रमित क्षेत्रों से जुड़े मार्गों पर सेवा देने वाली एयरलाइनों को यात्रियों को स्वास्थ्य नियमों के बारे में जानकारी देने, उड़ान के समय स्क्रीनिंग करने और यात्रियों की सीटों तथा यात्रा संबंधी जानकारी रोग नियंत्रण अधिकारियों के साथ साझा करने के लिए कहा गया है।
क्वारंटीन विभाग ने थाईलैंड पहुंचने पर या उड़ान के दौरान संदिग्ध मामलों से निपटने के लिए अभ्यास भी तैयार किया है, जिसमें एयरलाइनों, हवाई अड्डों, स्वास्थ्य एजेंसियों और अन्य संस्थाओं के बीच समन्वय प्रक्रिया को निर्धारित किया गया है, ताकि संक्रमण को रोकते हुए संचालन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घ्रेब्रेयसस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डब्ल्यूएचओ की आपातकालीन समिति ने मंगलवार को बैठक कर इस बात पर सहमति जताई कि कांगो और युगांडा में इबोला की स्थिति अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल (पीएचईआईसी) के रूप में देखी जा रही है, हालांकि इसे महामारी आपातकाल नहीं माना गया है।
टेड्रोस ने रविवार को ही इन दोनों देशों में इबोला के प्रकोप को पीएचईआईसी घोषित किया था। यह पहली बार था जब डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने आपातकालीन समिति की बैठक बुलाए बिना ऐसा निर्णय लिया।