Telangana News : तेलंगाना से महिलाओं पर अत्याचार के दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। भद्राद्री कोठागुडम जिला अंतर्गत जिंकालागुडेम गांव में अंधविश्वास के नाम पर बुजुर्ग महिला को खौफनाक यातनाएं दी गईं। दूसरी घटना में सिकंदराबाद में होमगार्ड ने महिला से दरिंदगी की। दोनों घटनाओं के वीडियो सामने आने के बाद तेलंगाना मानवाधिकार आयोग (TGHRC) ने संज्ञान लिया है।
बुरी आत्मा का साया होने के शक में की क्रूरता
जिंकालागुडेम की घटना जुलाई की है। मगर इसका वीडियो अब सामने आया है। महिला के ऊपर बुरी आत्मा का साया होने का शक जता ग्रामीणों ने उसे खेत में ले गए, पेड़ पर चढ़ाया और कोड़ों से पीटा। आयोग अध्यक्ष डॉ. जस्टिस शमीम अख्तर के अनुसार लोहे की कीलों पर महिला को खड़ा किया गया। फिर उसे तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गई।
होमगार्ड ने महिला के बाल पकड़कर घसीटा
दूसरी घटना सिकंदराबाद अंतर्गत हफीजपेट रेल स्टेशन के पास की है। यहां कबाड़ बीनने वाली महिला के साथ तैनात होमगार्ड के. आनंद ने मारपीट की। वायरल वीडियो में आरोपी महिला को पैर से मारते और बाल पकड़ घसीटते दिख रहा। बताया जा रहा कि कहासुनी के दौरान महिला द्वारा कथित तौर पर अपशब्द कहने पर आरोपी आपा खो बैठा। मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस ने आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
पीड़ितों के जीवन के अधिकार का उल्लंघन: आयोग
मानवाधिकार आयोग ने घटनाओं पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने कहा कि आरोप सही हैं तो यह पीड़ितों के जीवन के अधिकार तथा सम्मान का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने भद्राद्री कोठागुडम जिले के डीएम से पीड़िता के इलाज, मौजूदा स्थिति, दोषियों पर हुई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपायों पर रिपोर्ट मांगी है। साथ ही साइबराबाद पुलिस कमिश्नर को होमगार्ड मामले में कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।