हैदराबाद, 20 मई। तेलंगाना में अत्यधिक गर्मी और निरंतर बढ़ते तापमान ने नागरिकों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। राज्य के कई क्षेत्रों में लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जनता से सावधान रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की गुजारिश की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों के लिए विभिन्न जिलों में गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विशेष रूप से उत्तर तेलंगाना के जिलों में बिगड़ते हालात को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए जाएं, पेयजल की सप्लाई सहज बनी रहे और बिजली की आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, सीएम रेवंत रेड्डी ने स्वास्थ्य विभाग को भी तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लू और सनस्ट्रोक से प्रभावित मरीजों को अस्पतालों में उचित उपचार उपलब्ध होना चाहिए। इसके साथ ही, शहरी क्षेत्रों में 'चली वेंद्रालु' यानी मुफ्त पेयजल केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी जिलों की स्थिति पर नजर रखी जाए और जिला कलेक्टरों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
आईएमडी द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि 21 मई को कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, जगतियाल, राजन्ना सिरसिल्ला, करीमनगर, पेद्दापल्ली, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबाबाद, वारंगल, हनमकोंडा, जनगांव और यादाद्री भुवनगिरि जिलों में लू चलने की संभावना है।
आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबाबाद, वारंगल, हनमकोंडा, जनगांव, नागरकुरनूल और वनपर्थी जिलों में 22 मई को भी हीटवेव की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
वहीं, राज्य के कई हिस्सों में भी बुधवार को प्रचंड गर्मी देखने को मिली। तेलंगाना डेवलपमेंट प्लानिंग सोसायटी के अनुसार, राज्य के 33 में से 30 जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया, जबकि 12 जिलों में यह 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा।
जगतियाल जिले के कोरुतला मंडल के अलीयापुर ने राज्य का सबसे उच्चतम तापमान दर्ज किया, जहां 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। नलगोंडा, निर्मल और सिद्धिपेट जिलों के तीन स्थानों पर तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मंचेरियल के वेलगनूर और पेद्दापल्ली के एलिगैड में तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा, आदिलाबाद, कामारेड्डी, करीमनगर, निजामाबाद और राजन्ना सिरसिल्ला जिलों के पांच स्थानों पर पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।