तेलंगाना में 25,000 से अधिक मेडिकल स्टोर रहे बंद

तेलंगाना में 25,000 से अधिक मेडिकल स्टोर रहे बंद

हैदराबाद, 20 मई। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) द्वारा आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण तेलंगाना में बुधवार को 25,000 से ज्यादा मेडिकल स्टोर बंद रहे। सिर्फ हैदराबाद में ही दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर प्रतिबंध, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली भारी छूट का अंत और नकली दवाओं के खिलाफ सुरक्षा की मांग को लेकर 12,000 से अधिक मेडिकल स्टोर बंद हुए।

हड़ताल से अस्पतालों से संबंधित मेडिकल स्टोरों को छूट दी गई है।

तेलंगाना ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) ने जनता से कहा है कि वे केमिस्टों की हड़ताल को लेकर परेशान न हों। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पूरे राज्य में आवश्यक और जीवनरक्षक दवाओं की निरंतर उपलब्धता बनी रहेगी।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे आवश्यक कदम उठाएं ताकि जरूरतमंद लोगों को जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता में कोई समस्या न आए।

डीसीए ने मरीजों की सुरक्षा और आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक सार्वजनिक सलाह जारी की है।

डीसीए के महानिदेशक अविनाश मोहंती ने कहा कि एआईओसीडी के तेलंगाना चैप्टर के साथ हुई बैठक में तय किया गया कि अस्पतालों से जुड़ी फार्मेसी को दवाएं उपलब्ध रखने के लिए खोला जाएगा ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

आपात स्थितियों में स्थानीय दुकानों से दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एआईओसीडी की जिला शाखाएं ड्रग इंस्पेक्टरों के संपर्क में रहेंगी। इसके साथ ही, कॉर्पोरेट मेडिकल स्टोर्स को भी अपनी दुकानें खुली रखने की सलाह दी गई है।

महानिदेशक ने कहा कि अगर 20 मई को आवश्यक या आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता में कोई समस्या आएगी, तो लोग तुरंत अपने स्थानीय ड्रग्स इंस्पेक्टर या डीसीए के सहायक निदेशक से संपर्क कर सकते हैं ताकि उन्हें सहायता मिल सके।

डीसीए पूरे राज्य में स्थिति पर नजर रख रहा है ताकि आवश्यक और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। विभाग के फील्ड अधिकारियों को कहा गया है कि वे सतर्क रहें और दवाओं की उपलब्धता या जनता की शिकायतों से संबंधित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई करें।

डीसीए के अधिकारियों के संपर्क नंबर और कार्यालयों का पता, तेलंगाना की आधिकारिक वेबसाइट के “की कॉन्टैक्ट्स” अनुभाग में उपलब्ध है।

जनता दवाओं की उपलब्धता से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए डीसीए तेलंगाना के टोल-फ्री नंबर 1800 599 6969 पर संपर्क कर सकती है।

एआईओसीडी और हैदराबाद केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने दवाओं से संबंधित नियमों में हाल के बदलावों और ऑनलाइन फार्मेसियों के संचालन के खिलाफ हड़ताल का आह्वान किया है।

उनका कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसियों और डिजिटल चिकित्सा प्लेटफार्मों के अनियंत्रित संचालन से दवाओं का दुरुपयोग, एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध में वृद्धि और जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे पैदा हो सकते हैं।