तारे और गैलेक्सियों में भेद कैसे करें? डिफ्रैक्शन स्पाइक्स से होगी सहायता

तारे और गैलेक्सियों में भेद कैसे करें? डिफ्रैक्शन स्पाइक्स से होगी सहायता

नई दिल्ली, 23 मई। अंतरिक्ष में तारे और गैलेक्षी देखने पर कई बार संदेह उत्पन्न होता है। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने सोशल मीडिया पर एक विशेष चित्र साझा कर इस भ्रांति को दूर करने का उपाय बताया है। हबल टेलीस्कोप ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर साझा करते हुए पूछा, “क्या यह तारा है या गैलेक्सी?” इस छवि में गैलेक्सी के समूह के साथ-साथ कुछ तारे भी दिखाई दे रहे हैं। इन दोनों का सही पहचानने के लिए ‘डिफ्रैक्शन स्पाइक्स’ का उपयोग करने की जानकारी भी नासा ने दी।

पोस्ट की गई छवि में एमएसीएस जे1141.6-1905 नामक गैलेक्सी क्लस्टर को दर्शाया गया है। इसमें दिखाई देने वाले लगभग सभी चमकीले बिंदु एक पूरी गैलेक्सी का हिस्सा हैं, जिनमें लाखों या अरबों तारे शामिल हैं। लेकिन इनमें से कुछ चमकते बिंदु हमारी आकाशगंगा के निकट स्थित तारे हैं। ऐसे में यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि कौन- सा बिंदु तारा है और कौन- सी गैलेक्सी।

नासा के अनुसार, जब किसी तारे या अन्य प्रकाश के स्रोत की रोशनी हबल के सेकेंडरी मिरर को सहारा देने वाले ढांचों के किनारों से गुजरती है, तो वह डिफ्रैक्ट कर चारों ओर नुकीली किरणों या ‘स्पाइक्स’ का रूप ले लेती है। ये डिफ्रैक्शन स्पाइक्स किसी तारे की पहचान का मुख्य संकेत होती हैं, जबकि गैलेक्सी में ऐसी स्पष्ट और नुकीली किरणें नहीं होतीं।

तस्वीर के निचले दाएं हिस्से में एक तारा स्पष्ट रूप से डिफ्रैक्शन स्पाइक्स के साथ चमक रहा है, जबकि बाईं ओर विभिन्न आकार की सर्पिल और अंडाकार गैलेक्सियाँ फैली हुई हैं।

एमएसीएस जे1141.6-1905 गैलेक्सी समूह ‘क्रेटर’ तारामंडल में स्थित है और यह पृथ्वी से लगभग 4 अरब प्रकाश वर्ष की दूरी पर है। हबल ने इसे दृश्य और इन्फ्रारेड, दोनों प्रकार की रोशनी में कैद किया है। वैज्ञानिकों ने इस क्लस्टर का अध्ययन गुरुत्वाकर्षण लेंसिंग और एक्स-किरणों में चमकने वाली गैलेक्सियों को समझने के लिए किया है।

हबल स्पेस टेलीस्कोप का संग्रह वर्तमान में 1.7 मिलियन से अधिक ऑब्जर्वेशन्स का खजाना है। यह डेटा भविष्य के खगोलविदों के लिए अत्यंत मूल्यवान सिद्ध हो रहा है। नासा और यूरोपीय स्पेस एजेंसी ईएसए के सहयोग से बनाई गई इस छवि को हवाई विश्वविद्यालय के एच एबलिंग और नासा के जी कोबर ने प्रोसेस किया है।