चेन्नई, 22 मई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय ने कूपा कृष्णन को शहरी आवास विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
तमिलनाडु शहरी आवास विकास बोर्ड का गठन गरीबों और वंचित समुदायों के लिए आवास सेवाओं में सुधार को लेकर किया गया था, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आवासीय परियोजनाओं के निर्माण और पुनर्वास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
शुक्रवार को, मुख्यमंत्री विजय ने कूपा कृष्णन को बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का संचालन और कार्यान्वयन करने के लिए अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया।
इस बीच, तमिलनाडु सरकार में मंत्रिपरिषद के विस्तार की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री ने दो विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने का सुझाव दिया है, जिसे राज्यपाल ने स्वीकृति दी है।
तमिलनाडु के लोक भवन से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पापनासम विधानसभा क्षेत्र से ए.एम. शाहजहां और तिंडीवनम विधानसभा क्षेत्र से वन्नी अरसु को मंत्रिपरिषद में शामिल करने की अनुशंसा की है, जिसे राज्यपाल ने मंजूर कर लिया है।
इस मंत्रिपरिषद विस्तार को तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी में क्षेत्रीय संतुलन बनाने और नए चेहरों को अवसर देने की योजना के तहत देखा जा रहा है। ए.एम. शाहजहां पापनासम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो दक्षिण तमिलनाडु का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जबकि वन्नी अरसु तिंडीवनम से आते हैं, जो उत्तर-पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन दोनों विधायकों के शामिल होने से मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय संतुलन को मजबूत करने की अपेक्षा है।
इससे पहले, गुरुवार को 23 नए मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में सम्मिलित किया गया था और राज्यपाल ने विभागों के आवंटन को स्वीकृत किया। इनमें श्रीनाथ को मत्स्य पालन, कमाली एस. को पशुपालन, सी. विजयलक्ष्मी को दुग्ध और डेयरी विकास तथा आरवी रंजीत कुमार को वन विभाग सौंपा गया है। विनोद को कृषि और किसान कल्याण विभाग का भार मिला है, जबकि राजीव को पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य मंत्रियों में बी. राजकुमार को आवास और शहरी विकास, वी. गांधीराज को सहकारिता, मथन राजा पी. को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, जगदीश्वरी के. को समाज कल्याण व महिला सशक्तीकरण और राजेश कुमार एस. को पर्यटन विभाग दिया गया है।
साथ ही, एम. विजय बालाजी को हथकरघा और वस्त्र, लोगेश तमिलसेल्वन डी. को वाणिज्यिक कर और पंजीकरण, विजय तमिलन पार्थिबन ए. को परिवहन और रमेश को हिंदू धार्मिक व धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग का कार्यभार सौंपी गई है।