‘टैलेंट हंट’ योजना के तहत युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखारने का प्रयास

‘टैलेंट हंट’ योजना के तहत युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखारने का प्रयास

नई दिल्ली, 20 मई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘टैलेंट हंट स्कीम- हौसलों की उड़ान 2026-27’ की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह योजना केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, उन्होंने इस योजन के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया, जो युवा आत्मविश्वास, सपनों और रचनात्मकता का प्रतीक है। इस मौके पर कला, संस्कृति व भाषा मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि हर युवा में अद्भुत प्रतिभा है, बस सही अवसर की जरूरत है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग इस योजना के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार होगा। यह योजना दिल्ली के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बनाने और पहचान स्थापित करने का अवसर देगी। इसके साथ, यह दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित करेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना का लक्ष्य केवल प्रतिभाओं की खोज करना नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है जो समावेशिता, विविधता और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे। सीएम ने कहा कि यह पहल विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमियों से आने वाले युवाओं को समान अवसर देकर उनकी रचनात्मकता को नया दिशा देगी।

सीएम ने बताया कि यह योजना दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में लागू की जाएगी और इसके लिए 10 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसमें लगभग 25,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न चरणों में भाग लेने का मौका मिलेगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा ताकि सभी प्रतिभागियों को समान अवसर प्रदान हो। 16 से 35 वर्ष के युवा इस योजना के तहत मंगलवार से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण करा सकेंगे, जिसमें रजिस्ट्रेशन, कार्यक्रम की जानकारी और अपडेट्स उपलब्ध होंगे।

प्रतियोगिता में कुल सात प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें गायन के लिए शास्त्रीय, लोक संगीत और गैर-शास्त्रीय संगीत शामिल हैं। नृत्य स्वर्णिम श्रेणी में शास्त्रीय, लोक नृत्य और आधुनिक/गैर-शास्त्रीय नृत्य शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त फाइन आर्ट, डिजिटल आर्ट, मूर्तिकला, पॉटरी, संगीत रचना, वाद्य संगीत और अभिनय व रंगमंच जैसे क्षेत्रों में प्रतिभागियों को अपने कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने आगे बताया कि यह कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग होगी, जिसके लिए दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 24,500 प्रतिभागियों का चुनाव किया जाएगा। दूसरे चरण में 35 क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें प्रत्येक क्लस्टर में दो विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इस चरण में विभिन्न श्रेणियों से 2,450 प्रतिभागियों का चयन होगा। तीसरे चरण में चार जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी, जहां प्रत्येक श्रेणी के श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। अंतिम चरण में अगस्त में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सातों श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों का मूल्यांकन 25 प्रतिशत आम जनता की ऑनलाइन वोटिंग और 75 प्रतिशत विशेषज्ञ ज्यूरी के मूल्यांकन पर होगा, जिसमें अनुभवी और प्रतिष्ठित विशेषज्ञ शामिल होंगे। ग्रैंड फिनाले भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में विजेता को 2.5 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 2 लाख रुपये, तृतीय स्थान पर 1.5 लाख रुपये और चौथे स्थान पर 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, सभी चयनित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सर्टिफिकेट, अवार्ड्स, शील्ड्स और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हौसलों की उड़ान’ केवल प्रतिभा खोज कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को पहचान बनाने का एक प्लेटफॉर्म है। भविष्य में, प्रतिभाशाली युवाओं को सामाजिक अभियानों में ‘ब्रैंड एंबेसडर’ के रूप में जोड़ा जाएगा, ताकि वे सकारात्मक बदलाव के प्रतीक बन सकें। उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि वे अपने सपनों को उड़ान दें और इस मंच का अधिकतम लाभ उठाएं।

कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली ‘क्रिएटिव कैपिटल’ और ‘यूथ कैपिटल’ बन रही है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली के सफल आयोजन के बाद अब दिल्ली ‘दिल्ली टैलेंट हंट - हौसलों की उड़ान’ जैसे बड़े आयोजनों की ओर अग्रसर है। यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प की दिशा में दिल्ली के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और कौशल को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी।