मुंबई, 24 मई। लोकप्रिय अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपनी एक्शन, डांस और फिटनेस के लिए मशहूर हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 12 साल का सफर पूरा कर लिया है। इस खास अवसर को उन्होंने एक अनोखे तरीके से मनाने का फैसला किया। टाइगर ने सोशल मीडिया पर अपने करियर की शुरूआत से जुड़ी कुछ यादें साझा कीं। उन्होंने अपनी पहली फिल्म 'हीरोपंती' के प्रमोशन के दौरान का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनकी ऊर्जा और मेहनत की झलक दिख रही है। इस वीडियो के माध्यम से उन्होंने अपने यात्रा के अनुभव को याद किया और कहा कि समय कितनी तेजी से गुजरता है।
वीडियो में टाइगर श्रॉफ फिल्म 'हीरोपंती' के गाने 'पप्पी' पर बेहतरीन डांस करते देखे जा सकते हैं। उनकी फिटनेस और एनर्जी इस वीडियो में कमाल की है। वह स्टेज पर अपने प्रशंसकों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं और ऊँची छलांग लगाते हुए किक मारते हुए भी दिख रहे हैं। यह वीडियो उस समय का है जब टाइगर ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। उन्होंने अपनी मेहनत की बदौलत लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
टाइगर ने इस पोस्ट के साथ एक संक्षिप्त कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, "ओ माय गॉड... समय कितना तेजी से गुजरता है। यह मेरा पहला प्रमोशनल इवेंट था, उस समय मैं एक छोटा बच्चा था।"
उनके इस पोस्ट पर प्रशंसकों का उत्साह देखते ही बनता है, वे कमेंट्स के जरिए उनके करियर के विभिन्न किरदारों की तारीफ कर रहे हैं।
फिल्म 'हीरोपंती' 2014 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन शब्बीर खान ने किया था और निर्माता साजिद नाडियाडवाला थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे जोड़े की थी, जो कठिन परिस्थितियों और विरोध के बावजूद अपने प्यार के लिए संघर्ष करते हैं। इस फिल्म में रोमांस, एक्शन और ड्रामा का अच्छा मिश्रण था, जिसे दर्शकों ने बेहद सराहा।
इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री कृति सेनन ने बॉलीवुड में कदम रखा था। टाइगर और कृति की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया और दोनों एक रात में चर्चा का विषय बन गए।