राज्य के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। गन्ना उद्योग विभाग के निर्देश पर राज्य की चीनी मिलों ने किसानों से खरीदे गए गन्ने का 99.14 प्रतिशत भुगतान कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।
572.66 लाख क्विंटल गन्ने की हुई खरीद
गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, राज्य में संचालित 10 चीनी मिलों ने पेराई सत्र 2025-26 के दौरान 9 अप्रैल 2026 तक किसानों से कुल 572.66 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की। इसके बदले किसानों को कुल 2,13,783.58 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था।
अब तक 2,11,481.43 करोड़ रुपये का भुगतान
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, कुल देय राशि में से अब तक 2,11,481.43 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। यह कुल भुगतान का 99.14 प्रतिशत है। शेष राशि का भुगतान भी जल्द पूरा करने के लिए कार्रवाई जारी है।
भुगतान में देरी न हो, इसके लिए विभाग रहा सक्रिय
गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ना खरीद शुरू होने के साथ ही सभी चीनी मिल संचालकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। किसानों को उनकी फसल का पैसा समय पर मिल सके, इसके लिए विभाग लगातार भुगतान प्रक्रिया की निगरानी करता रहा।
चीनी मिलों ने दिखाई तत्परता
विभाग के अनुसार, चीनी मिल संचालकों ने भी किसानों के भुगतान को प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्रवाई की। इसी का परिणाम है कि अधिकांश किसानों को उनका बकाया भुगतान मिल चुका है और शेष भुगतान की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।