नई दिल्ली, 21 मई। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए खेलने वाले साई सुदर्शन और शुभमन गिल का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस जोड़ी ने इस सीजन भी अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। इस बीच, सुदर्शन ने अपने साथी और कप्तान गिल की सराहना करते हुए कहा कि वह वास्तव में उत्कृष्ट रणनीतिकार हैं और खेल की परिस्थितियों को बहुत अच्छी तरह समझते हैं।
सुदर्शन ने जियोहॉटस्टार के साथ बातचीत में कहा, "शुभमन एक अद्भुत रणनीतिकार हैं। उन्हें खेल की स्थिति की गहरी समझ है, और वह तकनीकी रूप से भी बहुत मजबूत हैं। इससे मुझे खेल में स्वतंत्रता मिलती है, क्योंकि मैं जानता हूं कि शुभमन दूसरे छोर पर हैं। मुझे लगता है कि इसका एक सकारात्मक पहलू भी है। जब गिल गेंदबाजों पर आक्रमण करने का प्रयास करता है, तो उसे भरोसा रहता है कि मैं वहां हूं और पारी को संभाल सकता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। हमारे बीच का रिश्ता मजबूत है, और हम एक-दूसरे के खेल को भली-भांति जानते हैं, इसलिए बारी-बारी से खेलते हैं।"
सुदर्शन ने आईपीएल में 50 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने को लेकर कहा, "जब कोई रिकॉर्ड टूटता है, तो निश्चित रूप से यह बहुत संतोषजनक होता है और एक महान उपलब्धि मानी जाती है, क्योंकि यह दर्शाता है कि हम सही दिशा में अग्रसर हैं। मुझे लगता है कि ये उपलब्धियाँ और प्रशंसा मुझे आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने में मदद करती हैं।"
आईपीएल 2026 में सुदर्शन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने इस सीजन के 13 मैचों में 157 के स्ट्राइक रेट से 554 रन बनाए हैं। इस सीजन में उनके बल्ले से एक शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अभी चौथे स्थान पर हैं, जबकि शुभमन गिल ने 12 मैचों में 160 के स्ट्राइक रेट से 552 रन बनाए हैं।