दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में शानदार शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। इस धमाकेदार पारी के साथ ब्रीट्जके ने अपने नाम एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज कर लिया। डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए मुकाबले में ब्रीट्जके ने 106 गेंदों पर 112 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के जड़े। यह वनडे क्रिकेट में उनका दूसरा शतक है।
14 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन
ब्रीट्जके की यह पारी सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के लिए महत्वपूर्ण नहीं रही, बल्कि इससे उन्होंने वनडे क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। अपने करियर की 14वीं वनडे पारी के बाद उनके खाते में कुल 822 रन हो गए हैं। इस आंकड़े के साथ वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली 14 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस रिकॉर्ड में उन्होंने पाकिस्तान के इमाम-उल-हक को पीछे छोड़ा, जिनके नाम शुरुआती 14 वनडे पारियों में 769 रन थे। दक्षिण अफ्रीका के ही जानेमन मलान 763 रन के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटके भी दिए। मेजबान टीम 29 रन तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे समय में ब्रीट्जके ने एक छोर संभालते हुए पारी को आगे बढ़ाया और रन गति को बनाए रखा। इसके बाद उन्हें मार्को यानसेन का साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 107 रन की महत्वपूर्ण और बड़ी साझेदारी की। यानसेन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों पर 75 रन बनाए। इस साझेदारी ने दक्षिण अफ्रीका को मुश्किल स्थिति से निकालकर मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
ब्रीट्जके की पारी का शानदार अंत नहीं रहा
ब्रीट्जके शतक पूरा करने के बाद भी तेजी से रन जोड़ते रहे, लेकिन उनकी पारी 48वें ओवर में रन आउट के साथ खत्म हुई। वह 112 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद यानसेन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए। ब्रीट्जके का वनडे करियर शुरुआत से ही रिकॉर्ड से भरा रहा है। उन्होंने फरवरी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था। मैच में 150 रन बनाकर वनडे डेब्यू पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाया था। अब अपने दूसरे वनडे शतक के साथ उन्होंने शुरुआती 14 पारियों में सर्वाधिक रन का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
14 पारियों के बाद वनडे में सबसे ज्यादा रन
- मैथ्यू ब्रीट्जके (दक्षिण अफ्रीका) - 822
- इमाम-उल-हक (पाकिस्तान) - 769
- जानेमन मलान (दक्षिण अफ्रीका) - 763
- इब्राहिम जदरान (अफगानिस्तान) -749
- आकिब इलियास (ओमान) - 744
- टॉम कूपर (नीदरलैंड्स) - 729
- केविन पीटरसन (इंग्लैंड) - 712
- शिमरोन हेटमायर (वेस्टइंडीज) - 679
- शुभमन गिल (भारत) - 674