सोशल मीडिया पर 'सीजेपी' का जलवा! अभिनेता व्रजेश हीरजी ने सुनाई दिलचस्प कहानी

सोशल मीडिया पर 'सीजेपी' का जलवा! अभिनेता व्रजेश हीरजी ने सुनाई दिलचस्प कहानी

मुंबई, 23 मई। इन दिनों युवा वर्ग के बीच सोशल मीडिया पर सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) का बड़ा चलन दिखाई दे रहा है। मीम्स से लेकर रील्स तक, हर जगह इस ट्रेंड की चर्चा हो रही है। इसे देखकर अभिनेता व्रजेश हीरजी ने इस पर मजेदार प्रतिक्रिया देते हुए एक दिलचस्प वीडियो साझा किया।

व्रजेश ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उन्होंने एक बच्चे और उसके पिता की हास्यप्रद कहानी सुनाई। वीडियो की शुरूआत में व्रजेश कहते हैं, "सोशल मीडिया पर अभी कॉकरोच का चलन काफी लोकप्रिय हो गया है। यह सुनकर मुझे एक बच्चे की पुरानी कहानी याद आई।"

कहानी में उन्होंने बताया, "एक बच्चा था, जो तीन-चार दिनों से भोजन नहीं कर रहा था। उसके पिता ने जब उसे खाने की थाली दी, तो उसने साफ मना करते हुए कहा कि उसे कॉकरोच खाना है। इसके बाद पिता ने उसे समझाया कि वे शाकाहारी हैं और ये सब नहीं खाते, लेकिन बच्चा नहीं माना। अंत में, पिता ने कहीं से एक कॉकरोच पकड़कर उसे दे दिया। फिर भी बच्चे के नखरे और बढ़ गए और उसने कहा, 'मैं इसे ऐसे नहीं खाऊंगा, इसे ठीक से प्लेट में सजाकर दो।'"

प्लेट में आने के बाद बच्चे ने कहा, "इसके ऊपर थोड़े फूल भी रखो।" पिता ने फूल रखकर इसे 'फ्यूजन कॉकरोच मील' बना दिया। फिर बच्चे ने कहा, "इसमें थोड़ा मिर्च-मसाला डालो, तभी खाऊंगा।" पिता ने वो भी किया।

जब मसालेदार कॉकरोच तैयार हो गया, तो पिता ने कहा, "लो बेटा, अब खाओ।" यह देखकर बच्चा रोने लगा और बोला, "अब यह मुझे बिल्कुल झूठ जैसा लग रहा है, मैं कॉकरोच कैसे खा सकता हूं?"

वर्तमान में सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' एक नई ऑनलाइन मूवमेंट और राजनीतिक व्यंग्य के रूप में चर्चा का विषय बन गया है। यह मंच खुद को निराश एवं बेरोजगार युवाओं की आवाज बताता है।

यह विवाद भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी से शुरू हुआ। उन्होंने एक मामले की सुनवाई के दौरान फर्जी डिग्री रखने वालों और बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' और 'पैरासाइट' से की थी। हालांकि, बाद में स्पष्टीकरण दिया गया, लेकिन कई युवाओं ने इसे एक विद्रोह के रूप में स्वीकार किया और मजेदार तरीके से खुद को 'कॉकरोच' नाम से संबोधित करना शुरू कर दिया। 16 मई को शुरू हुए इस ऑनलाइन आंदोलन ने कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया और इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर तेजी से करोड़ों फॉलोअर्स जुड़ गए।