मुंबई, 20 मई। इन दिनों सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के नाम को जोड़कर 'मेलोडी' ट्रेंड काफी चर्चा में है। इस मजेदार मीम फेस्ट में अब अभिनेत्री कृति खरबंदा भी शामिल हो गई हैं।
बुधवार को कृति ने इंस्टाग्राम पर भूरे रंग की एक खूबसूरत ड्रेस में अपनी तस्वीरें साझा कीं, जिसका रंग पूरी तरह से 'मेलोडी' टॉफी से मेल खा रहा था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक ऐसा कैप्शन लिखा कि सभी की नजरें उसी पर टिक गईं।
कृति ने लिखा, "यह मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?" उनकी यह पोस्ट सभी को खूब भा रही है और उनके प्रशंसक कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करने में जुटे हैं।
ज्ञात हो कि सोशल मीडिया यूजर्स अक्सर 'मेलोडी' शब्द का उपयोग करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जियोर्जिया मेलोनी के बीच हुई हल्की बातचीत को उजागर करते हैं।
यह ट्रेंड तब तेज़ी से फैला जब पीएम मोदी ने इटली के दौरे पर जियोर्जिया मेलोनी को भारत की प्रसिद्ध 'मेलोडी' चॉकलेट/टॉफी भेंट की थी। मेलोनी ने इस प्यारे इशारे के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसने इंटरनेट पर धूम मचा दी।
यह ट्रेंड न केवल मजेदार है, बल्कि यह दोनों देशों के बीच बढ़ती कूटनीतिक और व्यापारिक साझेदारी को भी दर्शाता है। कृति खरबंदा को हाल ही में फिल्म राणा नाइडू-2 में देखा गया था, जो एक एक्शन-क्राइम ड्रामा फिल्म है।
हाल ही में, अभिनेत्री फिल्म 'हाउसफुल 5' में भी नजर आ चुकी हैं, जिसे तरुण मनसुखानी ने निर्देशित किया है। इस फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन और कई अन्य स्टार्स शामिल हैं।