मुंबई, 20 मई। अभिनेता सोनू सूद ने असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या देवी मंदिर का दौरा किया। उन्होंने इस आध्यात्मिक यात्रा के अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में सोनू सूद ट्रेन से यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता रानी के दर्शन किए। वीडियो में दिखाया गया है कि अभिनेता ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में कुछ समय बिताया।
मंदिर में सोनू सूद को देखकर वहां के प्रबंधक और प्रशंसक काफी खुश नजर आए। फैंस ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि मंदिर प्रबंधन ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। समिति के सदस्यों ने उन्हें अंगवस्त्र और माता का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
वीडियो में अभिनेता कहते हैं, "नमस्कार दोस्तों, आज हम मां कामाख्या देवी मंदिर जा रहे हैं। वहां हम माता रानी के दर्शन करेंगे।"
वीडियो के साथ पोस्ट करते हुए अभिनेता ने लिखा, "जय मां कामाख्या देवी।"
सोशल मीडिया पर फैंस सोनू सूद की इस धार्मिक यात्रा की प्रशंसा कर रहे हैं।
गुवाहाटी में नीलांचल पहाड़ी पर स्थित कामाख्या देवी मंदिर भारत के 51 शक्तिपीठों में से एक महत्वपूर्ण और पूजनीय स्थल है। यह मंदिर धार्मिक आस्था, तंत्र साधना और देवी उपासना के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि यहां माता सती का 'योनि' भाग गिरा था, इसलिए इसे शक्ति साधना का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मंदिर देवी के रजस्वला उत्सव, अंबुबाची मेले और दस महाविद्याओं की साधना के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।
मुख्य मंदिर में देवी की कोई मूर्ति या तस्वीर नहीं है। यहां एक प्राकृतिक दरार है जो योनि के आकार की है और निरंतर जल प्रवाहित होता है, जिसे फूलों से ढका जाता है। हर साल जून में मंदिर लगभग तीन दिनों के लिए बंद रहता है, क्योंकि इस दौरान माता रजस्वला होती हैं। चौथे दिन भक्तों के लिए मंदिर के दरवाजे खोले जाते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।