नई दिल्ली, 20 मई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के साथ भारत और अमेरिका के आर्थिक तथा वित्तीय संबंधों को और मजबूत करने के विषय में विचार-विमर्श किया। चर्चा के दौरान फिनटेक सेक्टर में सहयोग, निवेश के अवसर और द्विपक्षीय संबंधों पर विशेष ध्यान दिया गया। वित्त मंत्रालय ने यह जानकारी बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से साझा की।
वित्त मंत्रालय ने लिखा, "केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री ने आज राष्ट्रीय राजधानी में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से बात की।"
मंत्रालय ने यह भी बताया कि दोनों के बीच भारत-अमेरिका के आर्थिक और वित्तीय सहयोग को मज़बूत करने, फिनटेक में सहयोग और निवेश के क्षेत्रों पर चर्चा की गई।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच डिजिटल फाइनेंस, टेक्नोलॉजी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग का स्तर निरंतर ऊँचा हो रहा है और वे दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और प्रभावी बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
बैठक के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सर्जियो गोर को अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं भी दीं।
इस महीने की शुरुआत में, सर्जियो गोर ने भी कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन भारत के साथ व्यापार और निवेश के रिश्तों को बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
11 मई को नई दिल्ली में आयोजित सीआईआई 'एनुअल बिजनेस समिट 2026' में उन्होंने भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों की मजबूती पर जोर दिया।
गोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "हम व्यापार के अवसर बढ़ाने, नियामकीय रुकावटों को कम करने और भारतीय कंपनियों को अमेरिका में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे दोनों देशों को फायदा होगा और हम मिलकर सरकार और कारोबारी समुदाय के बीच इस महत्वपूर्ण पुल को और मजबूत कर सकते हैं।"
पिछले में भी गोर ने कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप के समय में अमेरिका में निवेश के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, जबकि भारतीय कंपनियों ने तकनीक, विनिर्माण और दवा जैसे क्षेत्रों में 20.5 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश करने की योजना बनाई है।