सीएम योगी ने अजय राय के विवादास्पद बयान पर कांग्रेस को घेरा, कहा- 'क्षमा मांगने की स्थिति भी नहीं बची'

सीएम योगी ने अजय राय के विवादास्पद बयान पर कांग्रेस को घेरा, कहा- 'क्षमा मांगने की स्थिति भी नहीं बची'

लखनऊ, 22 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता अजय राय की विवादास्पद टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया है। सीएम योगी ने कहा कि अजय राय की अभद्र और असंसदीय टिप्पणी कांग्रेस के अंदरूनी राजनीतिक संस्कारों को उजागर करती है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक संस्कारों की बानगी है। इससे पहले कांग्रेस के 'युवराज' भी अपने दुष्प्रवृत्तियों का परिचय दे चुके हैं। अब कांग्रेस हताशा, निराशा और मानसिक दिवालियापन की चरमसीमा पर पहुंच चुकी है। अब उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि वे देशवासियों से क्षमा मांगने के योग्य भी नहीं रहे हैं।''

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ''कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अभद्र भाषा की ‘बीमारी’ अब पूरी कांग्रेस में फैल चुकी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अभद्रता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। लगातार चुनावी पराजय ने कांग्रेस को मानसिक और राजनीतिक दोनों तरह से दिवालिया बना दिया है। उनके पास न तो जनाधार है, न मुद्दे और न ही जनता का विश्वास। इसलिए, वे अब केवल ‘अपशब्दों’ और ‘जहर उगलने’ को ही राजनीति समझने लगे हैं। सच तो यह है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की कही हर अपशब्द उनकी निरंतर होती राजनीतिक हार और सत्ता से दूर होने के तनाव का सबूत है। जनता ऐसे अहंकारी नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से मुँहतोड़ जवाब देगी।''

यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ''जब अंत की आहट होने लगी, तब शब्दों में गिरावट देखने को मिली। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की बौखलाहट, निराशा और राजनीतिक दिवालियेपन को दर्शाती है।''

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब अजय राय बीमार थे, तब प्रधानमंत्री ने उनकी स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। पंकज चौधरी ने लिखा, ''जब अजय राय बीमार थे, तब प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से उनके जल्दी ठीक होने की कामना की थी, वहीं आज वही जनसेवक के खिलाफ अपशब्द कह रहे हैं। जब कांग्रेस के पास जनता के हित, विकास कार्यों और राष्ट्र निर्माण पर कुछ बोलने के लिए नहीं बचा, तब वे व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा का सहारा ले रहे हैं। जागरूक जनता ऐसे अपमानजनक व्यवहार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब जरूर देगी।''

इसके अलावा, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी के लिए अभद्र बातें करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि अजय राय कार में बैठे हैं और कार के पास खड़े लोगों के सामने प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्द कह रहे हैं। भाजपा ने उनके इस अभद्र व्यवहार पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।