सीएम धामी के नमाज पर बयान को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं

सीएम धामी के नमाज पर बयान को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं

हरिद्वार, 23 मई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सड़कों पर नमाज पढ़ने पर अपनी राय साझा की है। उनके बयान पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर गर्भ गिरी महाराज ने कहा कि यह मुख्यमंत्री धामी की सरकार का सनातन धर्म के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे बहुत पहले उठाया जाना चाहिए था। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह तीर्थस्थल है और गर्मियों की छुट्टियों में यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ती है, इसलिए सड़कों पर नमाज पढ़ना अनुचित है। इस पर पूरे देश में प्रतिबंध लगना चाहिए।

महामंडलेश्वर गर्भ गिरी महाराज ने आगे कहा कि हमारी अपील है कि नमाज घरों और मस्जिदों में अदा की जाए। जो सड़क पर नमाज पढ़ेगा, उसे दंड का सामना करना पड़ेगा। सभी को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए क्योंकि कानून से बड़ा कुछ नहीं है। देश को सही तरीके से चलाने के लिए हमें कानून के साथ चलना और सहयोग करना होगा।

उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने भी इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री धामी के बयान का समर्थन करते हैं। सीएम के अनुसार, सही का सम्मान करना चाहिए और गलत को नकारना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्य समाज सड़क को अवरुद्ध करने की अनुमति नहीं दे सकता। उनका कहना था कि इस्लाम में नमाज के कुछ अधिकार और हक हैं।

शादाब शम्स ने आगे कहा कि इबादत के सही स्थान का होना अनिवार्य है। जब नमाज ऐसी जगहों पर अदा की जाती है, तो वह सही मायने में नमाज नहीं होती। सीएम के बयान के पश्चात वक्फ बोर्ड ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन का सहयोग भी आवश्यक है। उलेमाओं ने भी इस मुद्दे पर यह राय दी है कि एक ही स्थान पर दो बार नमाज अदा की जा सकती है।

शादाब शम्स ने कहा कि सभी को नियमों का पालन करना चाहिए, तभी सभी को लाभ होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद को सादगी से मनाएं और किसी जानवर की कुर्बानी ऐसी जगह न करें जहां सरकार ने अनुमति न दी हो। यदि ऐसा किया गया, तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, सीएम धामी के बयानों पर पीडीपी नेता फिरदौस टाक ने कहा कि भाजपा की ओर से पूरे देश में एक माहौल बनाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। सड़क पर नमाज पढ़ना इस्लाम के खिलाफ है और मस्जिदों में जगह की कमी के कारण ऐसा किया जाता है। हर धर्म के त्योहारों पर सड़क का उपयोग किया जाता है।