नई दिल्ली, 20 मई। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) में कार्य करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक उत्साह भरी सूचना आई है। बैंक ने मानव संपदा प्रबंधन केंद्रीय कार्यालय में विभिन्न क्षेत्र जैसे जोखिम प्रबंधन, वित्त एवं लेखा और ऋण में विशेषज्ञता वाले सहायक महाप्रबंधक (एजीएम - स्केल V) के 15 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित करने हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की थी। इसमें जोखिम प्रबंधन के 2, अनुपालन/जोखिम प्रबंधन के 1, परिसंपत्ति देयता प्रबंधन के 1, डिजिटल जोखिम और विश्लेषण के 1, वित्त एवं लेखा के 5 और ऋण अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 अप्रैल से शुरु हुई थी, जिसकी आखिरी तारीख 17 मई रखी गई थी। अब, जिन उम्मीदवारों ने समय पर आवेदन नहीं किया, उनके लिए एक नया अवसर आया है। बैंक ने रिक्तियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है, जिसके तहत अब आवेदक 25 मई तक अपनी आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
जोखिम प्रबंधन और अनुपालन/जोखिम प्रबंधन के पद पर आवेदन करने के इच्छुक लोगों को सांख्यिकी या अर्थशास्त्र में पूर्णकालिक बीएससी या विश्लेषणात्मक क्षेत्र में ग्रेजुएट होना आवश्यक है। इसके अलावा, उन्हें वित्त, बैंकिंग या व्यवसाय प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा या जोखिम प्रबंधन में एकीकृत पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा होना चाहिए, जो मान्यता प्राप्त संस्थान से 55 प्रतिशत अंकों के साथ हो।
परिसंपत्ति देयता प्रबंधन पद हेतु अभ्यर्थियों के पास इंजीनियरिंग या व्यवसाय प्रबंधन में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा होना चाहिए, जबकि डिजिटल जोखिम और विश्लेषण पद के लिए गणित या सांख्यिकी में ग्रेजुएशन या डेटा साइंस/आईटी/कंप्यूटर साइंस में पूर्णकालिक बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए।
वित्त एवं लेखा के पद के लिए कैंडिडेट्स को ग्रेजुएशन की डिग्री और आईसीएआई द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण चाहिए, और भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के सदस्य के रूप में पंजीकरण भी होना चाहिए। ऋण अधिकारी पद पर आवेदन करने वालों के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से चार्टर्ड अकाउंटेंट, चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या बैंकिंग/वित्त/क्रेडिट में दो साल का पूर्णकालिक पोस्ट ग्रेजुएशन होना आवश्यक है।
उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 33 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 1,20,940 से 1,35,020 रुपए के बीच वेतन दिया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा और साक्षात्कार का आयोजन जून में होने की संभावना है।
आवेदन भरने के दौरान उम्मीदवारों को वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा, जिसमें सामान्य/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए 850 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांगजन एवं महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपए रखा गया है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए सबसे पहले सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। फिर होमपेज पर दिए गए पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें और फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारियाँ भरें। सभी डॉक्यूमेंट्स को सही आकार में अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करके फॉर्म सबमिट करें। अंतिम में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट लेकर सुरक्षित रख लें।