लखनऊ, 23 मई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ ने गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा 2026 के तहत गन्ना संस्था और चीनी संस्था के तहत कुल 1,182 पदों के लिए पात्र नागरिकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें सामान्य चयन के लिए 1,000 और विशेष चयन के लिए 182 पद शामिल हैं। सामान्य चयन के 1,000 पदों में अनारक्षित के 402, अनुसूचित जाति के 210, अनुसूचित जनजाति के 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के 272 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के 100 पद हैं। विशेष चयन के 182 पदों में अनुसूचित जाति के 8, अनुसूचित जनजाति के 18 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 156 पद शामिल हैं।
इन रिक्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन 7 जुलाई से प्रारंभ होगी और अंतिम तिथि 28 जुलाई तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन फॉर्म को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक से अंतिम तिथि तक या उससे पहले भर सकते हैं। अगर किसी अभ्यर्थी द्वारा फॉर्म भरने में कोई गलती हो जाती है, तो सुधार का अवसर 4 अगस्त तक उपलब्ध रहेगा।
आवेदकों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान में स्नातक डिग्री और कंप्यूटर संचालन के लिए डीओईएसीसी (डोएक) सोसायटी द्वारा जारी सीसीसी प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। इसके साथ ही, सभी आवेदकों के पास यूपीएसएसएससी द्वारा जारी वैध पीईटी-2025 स्कोर कार्ड होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। चयन प्रक्रिया में मुख्य लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिनकी सैलरी 25,500 से 81,100 रुपए प्रतिमाह होगी।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को यूपीएसएसएससी द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन को देखने की सलाह दी जाती है।