नई दिल्ली, 24 मई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम पर चल रही एक नकली क्वांटम एआई निवेश योजना को लेकर सरकार ने रविवार को लोगों को सावधान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न ही केंद्र सरकार और न ही वित्त मंत्रालय इस प्रकार की किसी निवेश योजना का संचालन कर रहा है। इस फर्जी स्कीम में दावा किया गया है कि व्यक्ति सिर्फ 22,000 रुपए निवेश करके सरकारी गारंटी के साथ 3 लाख रुपए तक कमा सकता है, जबकि इसका पंजीकरण 24 मई को किया गया है।
इस योजना का खुलासा करते हुए सरकारी एजेंसी पीआईबी की फैक्ट चेक इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि जालसाज केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम पर 'क्वांटम एआई' निवेश योजना का संचालन कर रहे हैं। इस योजना के तहत नागरिकों से 22,000 रुपए के प्रारंभिक निवेश पर 3,00,000 रुपए की मासिक आय का वादा किया जा रहा है।
पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह योजना पूरी तरह से फर्जी है। केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय द्वारा ऐसी कोई योजना नहीं चलाई जा रही है। इसके साथ ही, लोगों को इस प्रकार की योजनाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई, जो उन्हें धोखा देने और पैसे हड़पने के लिए बनाई गई हैं।
संदिग्ध लिंक और प्लेटफॉर्मों से सावधान रहने की सलाह दी गई है, जिनका उद्देश्य लोगों को ठगना है। इसके अलावा, नागरिकों को यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर प्रसारित होने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अविश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
सरकार ने कहा कि अगर किसी को भारत सरकार से संबंधित संदिग्ध सामग्री के बारे में कोई सूचना है, तो वह पीआईबी फैक्ट चेक को व्हाट्सएप पर +91 8799711259 पर या आधिकारिक ईमेल के माध्यम से सूचित कर सकता है।