मुंबई, 22 मई। अभिनेत्री सान्विका, जिन्होंने वेब सीरीज 'पंचायत' में रिंकी का मासूम किरदार अदा किया था, अब वह नई वेब सीरीज 'लुटेरी दुल्हन' में एक ग्रे शेड के किरदार में दिखाई देंगी। इस सीरीज में वह माया का रोल निभा रही हैं, जो एक चालाक ठग है, जो अमीर युवकों को प्यार के जाल में फंसाकर उनसे शादी करती है और फिर पैसे व गहने लेकर भाग जाती है। अपने किरदार के चुनाव पर बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि उनके लिए सबसे हैरान करने वाला यह था कि निर्माताओं ने उन्हें इस भूमिका के लिए चुना। उन्होंने कहा, "शुरुआत में मुझे लगा था कि क्या मैं इतनी शातिर ठग का किरदार निभा सकूंगी, लेकिन मुझे खुशी है कि निर्माताओं ने मुझ पर भरोसा किया।"
जब सान्विका से पूछा गया कि 'पंचायत' में दर्शकों ने उन्हें मासूम लड़की के रूप में देखा था, क्या माया जैसा किरदार चुनना उनके लिए जोखिम था, तो उन्होंने उत्तर दिया, "मैं इसे जोखिम नहीं मानती, क्योंकि मैं हर प्रोजेक्ट में अपने दिल की सुनती हूं। जब मैंने इस शो का संक्षिप्त विवरण पहली बार सुना था, तब से मैं इस किरदार को निभाने के लिए बेहद उत्सुक थी। यह भूमिका मेरे पहले के किरदारों से पूरी तरह भिन्न है। कलाकार के रूप में अभिनय की विविधता दिखाने के मौके बहुत कम आते हैं।"
सान्विका ने यह भी बताया कि आधुनिक समय में अधिकांश अपराध आधारित शोज गंभीर और तनावपूर्ण होते हैं, जबकि 'लुटेरी दुल्हन' एक अलग अनुभव देती है। उन्होंने कहा, "हमारी सीरीज में अपराध की कहानी है, लेकिन यह काफी हल्की-फुल्की और मनोरंजक है।"
अभिनेत्री ने बताया कि यह कहानी महिलाओं के इर्द-गिर्द केंद्रित है। आम तौर पर भारतीय फिल्मों और शोज में पुरुष अपराधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच मुकाबला दिखाया जाता है, लेकिन इस सीरीज में एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा, "इस सीरीज में दिलचस्प बात यह है कि चोर भी महिला है और उसका पीछा करने वाली पुलिस अधिकारी भी महिला है। यह कहानी में ताजगी और नयापन लाती है।"
आजकल ओटीटी प्लेटफॉर्म पर महिला केंद्रित थ्रिलर फिल्मों और शोज का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इस बदलाव के बारे में सान्विका से प्रश्न किया गया कि क्या दर्शक अब ग्लैमरस हीरोइनों के स्थान पर गहरे और वास्तविक किरदारों को अधिक पसंद कर रहे हैं। अभिनेत्री ने कहा, "आज का सिनेमा पूरी तरह बदल चुका है। दर्शकों के लिए अब ग्लैमर और चमक-धमक से ज्यादा कहानी की गहराई महत्वपूर्ण है। यदि कहानी में दम है, तो वह दर्शकों को बांधकर रखेगी।"