समर्थ सिंह के वकील ने कहा- कोर्ट में सरेंडर करना चाहता था आरोपी

समर्थ सिंह के वकील ने कहा- कोर्ट में सरेंडर करना चाहता था आरोपी

जबलपुर, 23 मई। ट्विशा शर्मा के निधन से जुड़े मामले में अभियुक्त समर्थ सिंह के वकील जयदीप कौरव ने आईएएनएस को बताया कि उनके क्लाइंट ने उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। समर्थ ने यह भी कहा कि वह स्वयं न्यायालय में सरेंडर करना चाहते हैं।

वकील कौरव ने कहा कि जब समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत पहुंचे, तब तक अदालत का समय खत्म हो चुका था। जिस पर उन्होंने जबलपुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उन्हें अपनी कस्टडी में लेकर भोपाल पुलिस को सौंप दिया।

कौरव ने बताया, "समर्थ सिंह का जबलपुर आना क्यों हुआ, यह मुझे नहीं पता। संभवतः उन्हें यह समझ नहीं आया कि उन्हें भोपाल में सरेंडर करना था। शायद इसी कारण वे भोपाल के बजाय जबलपुर पहुंचे और वहां आत्मसमर्पण किया।" उन्होंने यह भी कहा कि इस समय समर्थ सिंह भोपाल पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे जांच के लिए भोपाल ले जाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच खत्म होने पर स्थिति स्पष्ट होगी। कौरव ने जानकारी दी कि समर्थ सिंह लगभग साढ़े चार बजे न्यायालय पहुंचे, लेकिन तब तक कोर्ट का समय समाप्त हो चुका था। इसके बाद उन्हें जबलपुर पुलिस की हिरासत में दे दिया गया। उन्होंने समर्थ के कपड़े बदलने की स्थिति को लेकर कोई जानकारी नहीं दी।

ज्ञात हो कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल केस में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत मुख्य आरोपी समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत में आए, जिसके बाद भोपाल पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। यह पुष्टि जबलपुर एसपी ने की है।

समर्थ सिंह अदालत परिसर में अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते नजर आए। उन्होंने चश्मा, मास्क और टोपी पहन रखी थी। पत्रकारों द्वारा ट्विशा शर्मा की मौत, दहेज प्रताड़ना और आरोपों पर पूछे गए सवालों का उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया और चुप्पी साधे रखी।