सलमान खान की सेफ्टी को लेकर अक्सर चिंता बनी रहती है। सलमान खान पर कई बार जानलेवा हमले के प्लान बनाएं जा चुके हैं और अनगिनत बार उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। एक बार तो सलमान खान के घर पर फायरिंग की घटना भी हुई है। ऐसे में सुरक्षा के लिए उन्हें Y+ सिक्योरिटी दी गई है। इस भारी सिक्योरिटी के बीच अब एक शख्स ने कुछ ऐसा कर दिया जिसके बाद खुद सलमान खान हक्के-बक्के रह गए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों की टेंशन बढ़ चुकी है।
‘प्रेम कीटाणु’ की स्क्रीनिंग में सलमान के साथ क्या हुआ?
आपको बता दें, ये पूरा मामला फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ की स्क्रीनिंग के दौरान का है। गुरुवार को वीर पहाड़िया, आफिया सैय्यद, अपारशक्ति खुराना और राकेश बेदी की फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ की मुंबई में सेलेब्स के लिए स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस दौरान सलमान खान भी वीर पहाड़िया को सपोर्ट करने के लिए स्क्रीनिंग में शामिल हुए। उन्होंने रेड कार्पेट पर भी पैपराजी के सामने पोज दिए। साथ ही बाकि सेलिब्रिटीज के साथ भी सलमना खान प्यार से बातें करते हुए नजर आए हैं।
सिक्योरिटी तोड़ सलमान के करीब पहुंचा फैन
इसी बीच एक ऐसी चीज हुई जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का अटेंशन ग्रैब कर लिया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि जब सलमान खान फिल्म स्क्रीनिंग का हिस्सा बनने पहुंचे थे तो वो एक्टर अनूप सोनी से बात कर रहे थे। दोनों ने बड़ी ही गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया और बातें करने ही लगे थे, तभी एक शख्स सिक्योरिटी के बीच भागते हुए आया और सलमान खान का हाथ पकड़कर उन्हें कुछ बोलने लगा। जब इस फैन ने सलमान खान का हाथ पकड़ा तो वो भी हैरान रह गए। इससे पहले सलमान रिएक्ट करते उनकी सिक्योरिटी ने फौरन उस शख्स को सलमान खान से दूर खींच लिया।
सिक्योरिटी ने संभाली सिचुएशन
यहां तो सिक्योरिटी तोड़ने वाला शख्स फैन निकला और मामला तुरंत संभाल लिया गया। अगर कोई दुश्मन होता तो क्या होता, ये सोचकर हर कोई परेशान हो गया है। अब लोग इस मुद्दे पर बात करते हुए नजर आ रहे हैं कि फैंस को भी सेलिब्रिटीज की पर्सनल स्पेस की इज्जत करनी चाहिए। वैसे ये पहली बार नहीं है जब कोई फैन सेलिब्रिटी को देखकर बेकाबू हो गया हो और उनके पास जाकर उन्हें छूने की कोशिश करने लगा हो। अक्सर सेलिब्रिटीज भी फैंस की ऐसी हरकतों से हैरान रह जाते हैं।