सलमान आगा ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में गुस्सा दिखाया, आईसीसी ने दी सजा

सलमान आगा ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में गुस्सा दिखाया, आईसीसी ने दी सजा

दुबई, 20 मई। पाकिस्तानी खिलाड़ी सलमान आगा को बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक रूप से चेतावनी दी गई है।

यह घटना मंगलवार को पाकिस्तान की दूसरी पारी के 82वें ओवर में हुई, जब सलमान पवेलियन लौटते समय अपने बल्ले को एक विज्ञापन बोर्ड पर मारते हैं।

आईसीसी के अनुसार, सलमान ने 'खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी की आचार संहिता' के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है, जो खेल के दौरान क्रिकेट उपकरणों या अन्य सामग्री के दुरुपयोग से संबंधित है।

आधिकारिक चेतावनी के अलावा, सलमान आगा के अनुशासनिक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। यह पिछले 24 महीनों में उनका दूसरा उल्लंघन है, जिससे उनके कुल डिमेरिट प्वाइंट्स की संख्या 2 हो गई है। इसी वर्ष 13 मार्च को, ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ एक वनडे में भी वह इसी नियम का उल्लंघन कर चुके हैं।

यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड केटलबोरो, अलाउद्दीन पालेकर, थर्ड अंपायर कुमार धर्मसेना और फोर्थ अंपायर मसूदुर रहमान मुकुल द्वारा लगाया गया था। सलमान ने अपने किए का स्वीकार करते हुए आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा सुझाई गई सजा को मान लिया, जिससे औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

महत्वपूर्ण है कि आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघनों के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक चेतावनी है, जबकि अधिकतम दंड के तहत खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट प्वाइंट्स शामिल होते हैं।

पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में 78 रन से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले, पाकिस्तान ने पहले मैच में भी 104 रन से हार झेली थी। इस हार के साथ पाकिस्तान डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर पहुँच गया है। मौजूदा चक्र में उसने चार मुकाबलों में से सिर्फ एक ही जीता है।