नई दिल्ली, 23 मई। भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) की प्रभावशाली बैटिंग रणनीति की सराहना की है। सहवाग का मानना है कि एसआरएच की प्रमुख ताकत उनके घरेलू मैदान पर बैटिंग का दबदबा है। शुक्रवार को एसआरएच ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टीम के लिए ईशान किशन ने 46 गेंदों पर 79 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 56 रन जोड़े। हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन का योगदान दिया। जवाब में, आरसीबी 256 रनों के बड़े लक्ष्य के सामने सिर्फ 200 रन बना सकी।
एसआरएच के घरेलू खेल पर सहवाग ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करके एक मजबूत स्कोर बनाने की उनकी क्षमता सबसे बड़े हथियार के रूप में उभरी है। सहवाग ने 'जियोस्टार' से बातचीत में कहा, "एसआरएच का अपने घर में बल्लेबाजी में उत्कृष्टता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब वे टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो वे अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होते हैं। उन्होंने लगातार 230 से 240 रन का स्कोर बनाया है। इस तरह के लक्ष्य का सामना करने वाली टीम पर तुरंत दबाव बन जाता है। आरसीबी के खिलाफ, उन्होंने 255 रन बनाकर इसे और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया। पहले ओवर से रन बनाना कठिन हो जाता है। आरसीबी ने लक्ष्य का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन सभी को पता था कि यदि पावरप्ले उनके पक्ष में नहीं रहा, तो खेल एसआरएच के नियंत्रण में होगा।"
आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर की 19 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी से आक्रामक शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले के बाद अय्यर, विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के विकेट गंवाने से मैच का रुख बदल गया। सहवाग ने आगे कहा, "और ठीक ऐसा ही हुआ। पावरप्ले खत्म होने के बाद जब आरसीबी ने विकेट खोए, तो आवश्यक रन दर बढ़ गई और मैच उनके हाथ से निकल गया। सपाट पिचों पर बड़ा स्कोर बनाना और फिर स्कोरबोर्ड के दबाव को खेल के बाकी हिस्से में डाल देना एसआरएच का घरेलू खेल में विशेषता बन गया है।"