पीएम मोदी को लेकर मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अब ध्रुव राठी के वायरल ट्वीट पर एक्ट्रेस रुपाली गांगुली का करारा जवाब सामने आया है। 'अनुपमा' फेम एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने सोशल मीडिया पर ना सिर्फ पीएम मोदी की तरफदारी की है बल्कि ध्रुव राठी को भी जमकर लताड़ लगाई है। अब रुपाली गांगुली का पोस्ट इंटरनेट पर ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है। फैंस जमकर रुपाली गांगुली के पोस्ट को लाइक और शेयर कर रहे हैं। चलिए जानते हैं कि आखिर ध्रुव राठी ने ऐसा क्या लिखा था, जो पढ़कर रुपाली गांगुली भड़क उठीं।
पीएम मोदी को अपमानित करने के लिए ध्रुव राठी ने किया पोस्ट
दरअसल, ध्रुव राठी ने हाल ही में पोस्ट शेयर कर लिखा था, 'मोदी जहां भी जाएं, उन्हें अपमानित किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री बनने के बाद से पिछले 12 सालों में उन्होंने एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है। वो एक नेता होने की बुनियादी पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकताओं को पूरा करने में नाकामयाब रहे हैं। मैं दूसरे यूरोपीय देशों के विदेशी पत्रकारों को प्रोत्साहित करना चाहूंगा कि वो जहां भी उन्हें देखें, उनसे प्रश्न पूछें, ठीक वैसे ही जैसे @HelleLyngSvends ने किया। उन्हें इतना शर्मिंदा करें कि वो लोगों के सामने कुछ जवाबदेही दिखाने के लिए मजबूर हो जाएं। आप भारत की प्रगति के लिए एक महान काम करेंगे।'
[Image]
ध्रुव राठी पर भड़कीं रुपाली गांगुली
देखते ही देखते ध्रुव राठी का ये पोस्ट इंटरनेट पर खूब वायरल हो गया और रुपाली गांगुली खुद को जवाब देने से रोक नहीं पाईं। एक्ट्रेस ने इसके जवाब में लिखा, 'हमारे प्रधानमंत्री के लिए "अपमान" शब्द सुनना मजाकिया है, जबकि उन्हें दुनिया भर के देश लगातार अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित कर रहे हैं। मेरे प्रधानमंत्री आज दुनिया के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे सम्मानित और प्रतिष्ठित नेताओं में से एक हैं, और वो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं। वो पिछले 25 सालों से लगातार लोकतांत्रिक चुनाव जीतते आ रहे हैं। पहले मुख्यमंत्री के रूप में और अब प्रधानमंत्री के रूप में। लाखों लोग उनसे कितना प्यार करते हैं, उनकी कितनी प्रशंसा करते हैं और उन पर कितना भरोसा करते हैं, इसे शब्दों में बयां करना असंभव है।'
[Image]
रुपाली गांगुली ने ध्रुव राठी को सुनाई खरीखोटी
रुपाली ने आगे लिखा, 'और भारत की प्रगति की बात, हम भारतीयों पर छोड़ दीजिए। 14 लाख से ज्यादा भारतीय यह तय करने में सक्षम हैं कि हमारे देश के लिए क्या अच्छा है। हमें विदेश में बैठे किसी यूट्यूबर की जरूरत नहीं है, जो भारत की जमीनी हकीकत से बेखबर है और खुद को हमारा प्रवक्ता बताकर, अपने पूरे ऑनलाइन करियर को उस देश का मजाक उड़ाने, उसकी आलोचना करने और उसके बारे में डर फैलाने में लगा रहा है, जिसने उसे प्रसिद्धि दिलाई है।'