रोजगार मेले में घरेलू महिलाओं की खुशी, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दी बधाई

रोजगार मेले में घरेलू महिलाओं की खुशी, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दी बधाई

मुंबई, 23 मई। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि 19वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन के कारण लगभग 51,000 युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल होने का मौका मिला है, जो राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने बताया कि यह प्रधानमंत्री का प्रगतिशील दृष्टिकोण है कि सरकारी भर्तियों में अब इंटरव्यू प्रक्रिया खत्म हो गई है, और भर्ती से लेकर नियुक्ति तक एक पारदर्शी और निश्चित समय-सीमा में प्रक्रिया लागू की गई है।

मल्होत्रा ने यह भी कहा कि 2004 से 2014 तक सिर्फ 7.25 लाख सरकारी नौकरियां दी गई थीं, जबकि आज पीएम मोदी के नेतृत्व में लगभग 11 लाख युवाओं को नौकरियां मिल चुकी हैं। जिन 51,000 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, मैं उन्हें ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान युवाओं को देश की विकास में शामिल करने का कोई विचार नहीं था। आज, पीएम मोदी ने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया है।

रोजगार मेले से एक लाभार्थी महिला ने बताया कि उसे रेल मंत्रालय से नियुक्ति पत्र मिला है और वह 'असिस्टेंट लोको पायलट' के रूप में चयनित हुई है। यह उसके और उसके परिवार के लिए गर्व का क्षण है और वह इस नौकरी के माध्यम से देश की सेवा के लिए उत्साहित है। वह भारत सरकार और रेल मंत्रालय की आभारी है कि उसने उसे यह अवसर प्रदान किया।

एक अन्य लाभार्थी संघमित्रा मोरे ने कहा कि वह रेलवे के मैकेनिकल विभाग में चयनित हुई हैं और इस सफलता से बहुत खुश हैं। श्वेता कांगले ने बताया कि बीपीसीएल में चयन होने पर उनकी लंबे समय से चल रही तैयारी का फल मिला है, और अब जब नौकरी प्राप्त हुई है, तो उन्हें बहुत खुशी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।

पुणे के कोरेगांव पार्क में आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित कई युवाओं ने अपनी खुशी व्यक्त की और कहा कि रोजगार मिलने से उनके भविष्य में नई रोशनी आई है। युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले से उन्हें आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर मिला है।