रोजगार मेला: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने नव-नियुक्त उम्मीदवारों को दी शुभकामनाएं

रोजगार मेला: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने नव-नियुक्त उम्मीदवारों को दी शुभकामनाएं

भुवनेश्वर, 23 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के दौरान देशभर में 47 स्थानों पर 51 हजार से ज्यादा नए चयनित उम्मीदवारों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। ओडिशा में भी इस अवसर पर रोजगार मेला आयोजित किया गया, जहां केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने चयनित युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र मिले हैं, जिनमें भुवनेश्वर के उम्मीदवार भी शामिल हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

नव-नियुक्त युवाओं से ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार के अवसरों को बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों में हो रही नियुक्तियों की सराहना भी की। जुएल ओराम ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को दोहराते हुए कहा कि हर व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के लिए आत्मसमर्पित रहना चाहिए और अपने कर्तव्यों को निष्ठा के साथ निभाना चाहिए।

रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाने वाली सोनाली मिश्रा ने कहा, "मैं भारत सरकार के प्रति अत्यंत आभारी हूं कि युवाओं को यह अवसर प्रदान किया गया है। मेरे माता-पिता इस पर गर्व महसूस कर रहे हैं। इससे भारत की ताकत बढ़ रही है। यहां बड़ी संख्या में लड़कियां भी हैं, जिस पर मुझे गर्व हो रहा है। मुझे भारतीय रेलवे में लेवल-1 कैटेगरी में नियुक्ति मिली है। वर्तमान समय में सरकारी नौकरी पाना काफी प्रतिस्पर्धात्मक है और अब मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हूं।"

एम्स भुवनेश्वर ट्रॉमा सेंटर में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में चयनित पोशाली हल्दर ने कहा, "मैं आज बहुत खुश हूं और अपने ऊपर गर्व महसूस कर रही हूं। मैंने कॉलेज के बाद से इस दिन का इंतजार किया था। यह मेरा पहला प्रयास था और मेरा चयन एम्स भुवनेश्वर में हुआ है। मैं इसके लिए बहुत खुश और आभारी हूं। मैं युवाओं को संदेश देना चाहती हूं कि अपना 100 प्रतिशत दें, सफलता अवश्य मिलेगी।"

छत्तीसगढ़ के एक उम्मीदवार ने कहा कि उनका चयन भी एम्स भुवनेश्वर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं के लिए कई प्रेरणादायक बातें साझा कीं, जिससे उनके साथी भी प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार लोग हार मान लेते हैं, लेकिन उन्होंने चार प्रयास किए और पांचवें में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हार मानने का कोई सवाल नहीं है, मेहनत करते रहिए, एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी।