बिलासपुर, 23 मई। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये 19वें रोजगार मेले का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस मौके पर विभिन्न राज्यों के 47 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों में काफी उत्साह नजर आया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेले में 250 युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी से नवाजा गया। मेले में शामिल युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी का भाषण सुना और इसे अत्यधिक प्रेरणादायक बताया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं ने कहा कि सरकारी नौकरी मिलने से उनका भविष्य संवार गया है और परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है। युवाओं ने बताया कि लंबी मेहनत और तैयारी का फल आखिरकार उन्हें मिला है, जिससे उनके परिवार वालों का सपना साकार हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने कहा कि यह रोजगार मेला देश के युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोला है और इससे रोजगार पाने के रास्ते खुले हैं। अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए नए आत्मविश्वास और सम्मान लेकर आया है।
सहायक लोको पायलट के पद पर नियुक्ति पाने वाले एक युवा ने बातचीत में कहा कि मुझे नियुक्ति पत्र मिल गया है और मैं अत्यंत खुश हूं। यह मेरे लिए एक खास पल है, और मेरे माता-पिता ने इस सफलता के लिए बहुत मेहनत की है। पीएम का भाषण प्रेरणादायक रहा, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री का भी आभार व्यक्त करता हूं।
झारखंड के एक युवक ने कहा कि बचपन से मेरा सपना लोको पायलट बनने का था और आज वह सच हुआ है। सरकारी नौकरी में चयन के बाद मेरी मेहनत का फल मिला है। नियुक्ति पत्र मिलने की खुशी को मैं शब्दों में नहीं कह सकता।
अमेठी, यूपी के निवासी विशाल यादव ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मैं खुशी से भरा हुआ हूं। रोजगार मेले के माध्यम से मुझे यह अवसर मिला। सरकारी नौकरी मिलने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
बिहार के पंकज कुमार ने कहा कि आजकल सरकारी नौकरी पाना बेहद चुनौतीपूर्ण है। मैं अपने नियुक्ति पत्र को पाकर बहुत खुश हूँ। नौकरी मिलने पर केवल मेरे परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का भी मान बढ़ा है। और सबसे गर्व की बात यह है कि यह नियुक्ति पत्र पीएम मोदी ने दिया।
मध्य प्रदेश के निवासी अमन ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने युवाओं के कल्याण के बारे में सोचा। हमारे सभी युवाओं की मेहनत का परिणाम है कि हम सरकारी नौकरी के लिए चयनित हुए हैं।