बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान जल्द ही अपकमिंग फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का फैंस आंखें मूंदकर इंतजार कर रहे हैं। ये फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें शाहरुख खान पहली बार अपनी लाडली सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। ऐसे में इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट है। वहीं, अब लोगों की दिलचस्पी इस फिल्म में और भी बढ़ने वाली है क्योंकि अब 'किंग' से एक्टर रणवीर सिंह के जुड़ने की भी खबरें सामने आ रही हैं।
किंग में हुई रणवीर सिंह की एंट्री?
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि रणवीर सिंह भी शाहरुख खान और सुहाना खान स्टारर 'किंग' में खास रोल में नजर आने वाले हैं। दरअसल, रणवीर सिंह की पत्नी यानी एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण भी 'किंग' की स्टारकास्ट में शामिल हैं। दीपिका इस फिल्म में अहम किरदार निभाते हुए नजर आने वाली हैं। इसी बीच रणवीर को भी फिल्म के सेट पर देखा गया। ऐसे में पहले तो ये लग रहा था कि रणवीर अपनी पत्नी की वजह से 'किंग' के सेट पर पहुंचे होंगे। एक्टर को सेट पर दीपिका और बेटी दुआ के साथ स्पॉट किया गया था।
वायरल तस्वीरों से अफवाहों को मिली हवा
वहीं, उनके फिल्म का हिस्सा होने की खबर तब वायरल हुई, जब 'किंग' के क्रू मेंबर्स के साथ रणवीर सिंह की तस्वीरें सामने आने लगीं। क्रू मेंबर्स के साथ रणवीर सिंह की सेल्फीज देखकर फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए हैं कि वो भी इस फिल्म में एक्टिंग करते हुए दिखाई देने वाले हैं। हालांकि, अभी तक रणवीर सिंह ने इस खबर को ऑफिशियली कन्फर्म नहीं किया है। वहीं, रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि रणवीर अपने बिजी शेड्यूल से वक्त निकालकर करीब 2 हफ्ते पहले इंटरनेशनल शेड्यूल में 'किंग' के लिए खास सीक्वेंस शूट कर चुके हैं।
'किंग' में होंगे कौन-कौन से सेलेब्स?
सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें हैं कि 'किंग' में रणवीर सिंह एक रहस्यमयी और संदेशवाहक किरदार को निभाने वाले हैं। साथ ही वो फिल्म में सुहाना खान को खतरों से बचाते नजर आएंगे। इस फिल्म में शाहरुख और उनकी बेटी के अलावा दीपिका, अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी के अलावा कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। वहीं, रणवीर सिंह की बात करें तो वो 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' जैसी ब्लॉकबस्टर हिट लगातार दे चुके हैं। ऐसे में अगर वो सच में 'किंग' का हिस्सा होंगे तो ये फिल्म भी फैंस का ध्यान खींचने में कामयाब हो जाएगी।