रामदास आठवले का राहुल गांधी पर कटाक्ष, 'मोदी फिर होंगे प्रधानमंत्री 2029 में'

रामदास आठवले का राहुल गांधी पर कटाक्ष, 'मोदी फिर होंगे प्रधानमंत्री 2029 में'

मुंबई, 24 मई। केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कांग्रेस नेता अजय राय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी पर एफआईआर दर्ज होने, राहुल गांधी के भाजपा सरकार पर बोले गए बयान और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की बातों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता बार-बार पीएम मोदी के खिलाफ असंवेदनशील बातें करते हैं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि मोदी केवल एक पार्टी के नेता नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं।

आठवले ने कहा कि भले ही विपक्ष आलोचना करे या अपमानजनक शब्दों का उपयोग करे, केंद्र सरकार विकास और प्रगति के कार्यों में लगेगी। प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सरकार का ध्यान जनहित और प्रगति पर बना रहेगा।

आठवले ने कहा कि राहुल गांधी अपने दृष्टिकोण से भविष्य की परिकल्पना कर रहे हैं, लेकिन उनकी पूर्वानुमान हमेशा गलत निकले हैं। उन्होंने 2019 में कहा था कि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा, जबकि मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 303 सीटें जीतकर एक मजबूत सरकार बनाई। अगले लोकसभा चुनाव 2024 में भी राहुल गांधी ने विभिन्न यात्राएं कीं और विपक्ष ने एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ खड़ा होने का प्रयास किया, फिर भी एनडीए सरकार फिर से वापस आई।

उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा की सीटें भले ही कुछ कम हुईं, लेकिन पार्टी ने कभी बोगस वोटिंग का आरोप नहीं लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की बयानबाजी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2029 में भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री होंगे।

डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के उस बयान पर भी रामदास आठवले ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहले वह मानते थे कि भाजपा की जीत के पीछे मोदी और शाह हैं, लेकिन अब उन्हें लगता है कि इसके पीछे राहुल गांधी हैं।

आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह दृढ़ इच्छाशक्ति वाले नेता हैं, जबकि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक भूमिका में लगातार परिवर्तन करते रहते हैं। तमिलनाडु में कांग्रेस ने डीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ा और पांच सीटें हासिल कीं, जबकि टीवीके के नेता विजय ने सबसे अधिक सीटें जीतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डीएमके का विश्वास तोड़कर टीवीके के साथ मिलकर सरकार बनाई।